logo

गढ़वा में 50 लाख की लूट का खुलासा नहीं, स्वर्ण व्यवसायियों ने दुकानें कीं बंद

तोंसग3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले में स्वर्ण व्यवसायी के घर और दुकान ‘शुभ लक्ष्मी’ में हुई करीब 50 लाख रुपये की लूट का अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। घटना के विरोध में आज से स्वर्ण व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की। मामला गढ़वा जिले के बिशुनपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां स्वर्ण व्यवसायी ओम प्रकाश गुप्ता की दुकान से सोना-चांदी के गहनों की करीब 50 लाख रुपये की लूट की गई थी। घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस रोजाना संदेह के आधार पर लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, लेकिन पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया जा रहा है। इतनी बड़ी रकम की लूट से स्वर्ण व्यवसायी ओम प्रकाश गुप्ता पूरी तरह टूट चुके हैं। उन्होंने मीडिया को मौके पर पूरी घटना की जानकारी दी और बताया कि यदि रात में नियमित पुलिस गश्ती होती, तो यह लूट की वारदात नहीं होती। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय रहते अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो लूटा गया सामान वापस मिलना मुश्किल हो जाएगा। वहीं स्वर्ण व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ने कहा कि इस लूटकांड को लेकर अब व्यवसायी आंदोलन करने को मजबूर हैं। जब तक लूटा गया सामान बरामद नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। व्यवसायियों ने पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने की मांग की है।