logo

गुमला के कल्याण गुरुकुल के 35 युवाओं को कर्नाटक में मिला रोजगार, DC ने दी शुभकामनाएं

ROZGAR.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की विशेष पहल के तहत प्रेझा फाउंडेशन द्वारा संचालित कल्याण गुरुकुल, गुमला से एक और प्रेरणादायक सफलता सामने आई है। गुरुकुल परिसर में आयोजित विदाई एवं नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में बैच संख्या 92 के 35 प्रशिक्षित युवाओं को कर्नाटक स्थित एक प्रतिष्ठित कंपनी में शटरिंग कारपेंटर के पद पर रोजगार प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर गुमला की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके समर्पण, मेहनत और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का प्रतिफल है। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, कार्यस्थल पर अनुशासित रहने तथा राज्य व जिले का नाम रोशन करने का संदेश दिया। कल्याण गुरुकुल की विशेषता यह है कि यह निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण केंद्र ग्रामीण एवं वंचित युवाओं को उद्योग आधारित कौशल प्रशिक्षण प्रदान करता है। यहां तकनीकी दक्षता के साथ-साथ व्यवहारिक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी शिक्षा भी दी जाती है, जिससे प्रशिक्षणार्थियों को देशभर में बेहतर रोजगार के अवसर मिलते हैं। 

इस कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक रंजन, कल्याण गुरुकुल के प्राचार्य बृज किशोर, प्रशिक्षण व तकनीकी टीम के सदस्य, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि व प्रशिक्षकगण उपस्थित रहे। कल्याण विभाग, झारखंड सरकार द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य है कि राज्य के युवाओं को स्थायी एवं सम्मानजनक रोजगार मिल सके। जिला प्रशासन गुमला इस दिशा में संस्थानों की मॉनिटरिंग, मार्गदर्शन एवं समन्वय के माध्यम से कौशल विकास की इस प्रक्रिया को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।


 

Tags - Jharkhand News Gumla News Gumla Hindi News Gumla Latest News Kalyan Gurukul Gumla DC Employment