द फॉलोअप डेस्क
धनबाद के राजगंड थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। जीटी रोड पर डोमनपुर पेट्रोल पंप के पास हुई इस दुर्घटना में कोयलांचल के 2 प्रतिष्ठित कारोबारियों के बेटों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों की पहचान साहिल कृष्णानी और अनमोल सिंह के रूप में हुई है। दोनों कोलकाता में रहकर बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे थे और गहरे मित्र थे। गुरुवार को ही वे कोलकाता से धनबाद अपने घर लौटे थे।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह दोनों युवक कार से कहीं जा रहे थे। तभी राजगंज के डोमनपुर पेट्रोल पंप के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। किसी राहगीर ने परिजनों को फोन कर हादसे की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन के लोग अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साहिल कृष्णानी धनबाद के बैंक मोड़ के रहने वाले थे। उनके पिता विशाल कृष्णानी का बैंक मोड़ में एक बड़ा कपड़े का शोरूम है। वहीं अनमोल सिंह धनसार थाना क्षेत्र के जोड़ाफाटक के रहने वाले थे। उनके पिता हृदयाल सिंह की ऑटो पार्ट्स की दुकान है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि कार की रफ्तार तेज होने के कारण यह हादसा हुआ।
