डेस्क:
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। दिलचस्प है कि राज्यभर से 147 विद्यार्थियों ने टॉप-10 में स्थान बनाया है। कुल 6 बच्चों ने पहला स्थान हासिल किया है। पहला स्थान हासिल करने वाले बच्चों में अभिजीत शर्मा, तनु कुमारी, तान्या साह, रिया कुमारी, निशा कुमारी एवं निशु कुमारी शामिल है। 2 विद्यार्थी सेकेंड टॉपर बने हैं। राहुल रंजन और श्वेता कुमारी ने राज्यभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। 6 विद्यार्थियों ने तीसरा स्थान हासिल किया है।

शिक्षा मंत्री ने जारी किया परिणाम
10वीं बोर्ड परीक्षा में शिवम कुमार, रीना कुमारी, खुशी कुमारी, विशाल कुमार शर्मा, अभिजीत कुमार और मनीषा कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के बीच लंबे समय बाद ऑफलाइन परीक्षाओं का आयोजन किया गया था। दरअसल, बीते 2 सालों से कोरोना महामारी की वजह से स्कूलों में नियमित पढ़ाई नहीं हो पाई थी। मंगलवार को शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो ने परिणाम जारी किया।
वैसे राज्य में बोर्ड परीक्षा के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि 147 विद्यार्थियों ने टॉप-10 में जगह बनाई हो। टॉप करने वाले विद्यार्थियों की संख्या ही छह है वहीं सेकेंड टॉपर-2 हैं।

कितने विद्यार्थियों ने लिया था हिस्सा!
वैसे विद्यार्थी परीक्षा परिणाम जानने के लिए जैक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट Jac.jharkhand.gov.in पर जा सकते हैं। 0वीं बोर्ड की परीक्षा में 1 लाख 83 हजार 591 छात्रों ने हिस्सा लिया था।
इसमें छात्राओं की संख्या 2 लाख 7 हजार 507 थी। सफल छात्रों की संख्या 1 लाख 75 हजार 720 है वहीं सफल छात्राओं की संख्या 1 लाख 98 हजार 175 है। सफल छात्रों का प्रतिशत 95.71 फीसदी है वहीं सफल छात्राओं का प्रतिशत 95.50 फीसदी है।