logo

जामताड़ा में 24 घंटे से गायब चंदा मुंडा मिली, रास्ता भटककर दूसरे गांव पहुंच गई थी

A75.jpg

​जामताड़ा: 

पिछले 24 घंटों से लापता 10 वर्षीय मासूम बच्ची चंदा मुंडा को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है. गुरुवार शाम से गायब इस बच्ची की सकुशल घर वापसी से परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई है. बच्ची को जामताड़ा थानाक्षेत्र के बोदबान गांव से सकुशल बरामद किया गया है. जानकारी के अनुसार, चंदा मुंडा गुरुवार शाम को अचानक लापता हो गई थी. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला. मामले की गंभीरता को देखते हुए जब  'फॉलोअप' के माध्यम से यह मामला सार्वजनिक हुआ, तो प्रशासन तुरंत हरकत में आया. 

पुलिस की विशेष टीम का गठन
​बच्ची की बरामदगी के लिए जामताड़ा पुलिस अधीक्षक (SP) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में मुख्य रूप से एसडीपीओ जामताड़ा विकास आनंद लागोरी, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, सर्किल इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. इस टीम ने पूरे क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया. 

कैसे सकुशल मिल गई बच्ची!
​शुक्रवार शाम करीब 4:00 बजे पुलिस को सूचना मिली कि जामताड़ा थाना क्षेत्र के बोदबान गांव में एक बच्ची देखी गई है. बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम रास्ता भटकने के कारण चंदा इस गांव में पहुंच गई थी. ग्रामीणों ने उसे अकेला पाकर पूछताछ भी की थी, लेकिन वह अपना सही पता बताने में असमर्थ थी. जैसे ही मीडिया में खबर प्रसारित हुई और पुलिस का नेटवर्क सक्रिय हुआ, ग्रामीणों को बच्ची की पहचान सुनिश्चित करने में मदद मिली। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर चंदा को अपनी सुरक्षा में लिया. 

​परिजनों को सौंप दी गई बच्ची
​पूरी कागजी कार्रवाई और स्वास्थ्य जांच के बाद, शुक्रवार शाम 5:00 बजे पुलिस ने चंदा मुंडा को उसकी ममेरी बहन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और ग्रामीणों के सहयोग की क्षेत्र में काफी सराहना की जा रही है. यह घटना साबित करती है कि यदि पुलिस प्रशासन, मीडिया और आम नागरिक मिलकर काम करें, तो बड़ी से बड़ी अनहोनी को टाला जा सकता है. मासूम चंदा का सुरक्षित मिलना जामताड़ा पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. 

Tags - Jamtara Girl Missing Case Jamtara Missing CaseJamtara Girl Child Missing CaseJamtara UpdateJamtara NewsJamtara Latest NewsJamtara Jharkhand