जमशेदपुर:
जमशेदपुर के गोलमुरी में कैनरा बैंक से 42 लाख कैश और 33 करोड़ 20 लाख रुपये की कीमत का 23 किलो सोना लूटने वाले 5 डकैतों का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पुलिस ने इन संदिग्धों पर 2-2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। जमशदेपुर के एसएसपी एहतेशाम वकारिब ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास बैंक डकैती में शामिल आरोपियों के बारे में कोई जानकारी हो तो पुलिस के साथ साझा करें। इस बीच शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े हुई बैंक डकैती की जांच तेज हो गई है। शुक्रवार को डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा और सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक ने बैंक पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
दोनों वरीय अधिकारियों ने बैंक परिसर में काफी समय बिताया और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। साथ में पहुंची फॉरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट समेत अन्य जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए।

सिटी एसपी के नेतृत्व में 20 सदस्यीय एसआईटी बनी
पुलिस ने इस भीषण लूटकांड में शामिल संदिग्धों का सीसीटीवी फुटेज जारी किया है, जिसमें वे बैंक में आते और लूट के बाद भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन आरोपियों की पहचान की कोशिश में जुटी है। मामले की जांच के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में 20 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है।
डकैतों के जमशेदपुर में ही छिप होने की जताई आशंका
आज छानबीन के दौरान डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा और सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक ने बैंक लूटकांड में अंतर्राज्यीय गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि वह आसपास के राज्यों की पुलिस से भी इस केस की छानबीन में सहायता लेने पर विचार कर रही है। 2018 में रांची में हुई एक बैंक डकैती का उदाहरण देते हुए अधिकारियों ने कहा कि इस बात की आशंका है कि अपराधी शहर के बाहर नहीं निकलें हों। दरअसल, रांची में 2018 में लूटकांड को अंजाम देने के बाद अपराधी शहर में ही होटल में कमरा लेकर छुपे थे।
चूंकि, लूट की रकम बहुत ज्यादा है तो संभव है कि अपराधी जमशेदपुर से बाहर नहीं निकले हों। पुलिस का कहना है कि अभी तक, अपराधियों के शहर से बाहर निकलने के संकेत नहीं मिले हैं।
.jpeg)
बैंक का अलॉर्म सिस्टम पुलिस स्टेशन से अटैच नहीं था
आज छानबीन के दौरान पुलिस को बैंक में कई खामियां मिलीं। मसलन- बैंक का अलॉर्म नजदीकी पुलिस स्टेशन के साथ अटैच नहीं था। बैंक की टाइमिंग, कर्मचारियों की सीटिंग पॉजिशन समेत अन्य कई महत्वपूर्ण जानकारियां आरोपियों के पास मौजूद थी। पुलिस ने आशंका जताई है कि आरोपियों ने लंबे समय तक बैंक की रेकी की होगी। संभव है कि उन्हें लोकल सपोर्ट भी मिला हो। हालांकि, पुलिस ने लूटकांड में बैंक के भीतर से किसी व्यक्ति के संलिप्त होने की संभावना को सिरे से खारिज कर दिया है।
42 लाख कैश और 33.20 करोड़ रुपये के सोने की हुई लूट
गौरतलब है कि 24 सितंबर को सुबह जमशेदपुर के गोलमुरी में भीड़भाड़ वाले इलाके में मौजूद कैनरा बैंक में पांच बदमाशों ने भीषण डकैती को अंजाम दिया। गन-प्वॉइंट पर ग्राहकों और कर्मचारियों को बंधक बनाकर बदमाश 42 लाख रुपये कैश और 33 करोड़ 20 लाख रुपये की मूल्य का 23 किलो 800 ग्राम सोना लूट गये। सोना भी ग्राहकों का था, जिन्होंने गोल्ड लोन लिया था। सभी बदमाशों ने रेनकोट पहन रखा था। बैंक में घुसते और वारदात के बाद भागते हुए, इन बदमाशों का चेहरा सीसीटीवी में कैद हो गया है। पुलिस इनका सुराग ढूंढ़ रही है।