द फॉलोअप डेस्कः
हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ। दनुआ घाटी में एक कोयला लोडेड ट्रक पलट गया, जिससे ट्रक के ड्राइवर और खलासी को हल्की चोटें आईं। हालांकि, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

हादसे के बाद, स्थानीय पुलिस प्रशासन और चोरदाहा चेकपोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने का काम शुरू किया। इस दौरान, लगभग 10 किमी तक लंबा जाम लग गया, जिसमें बिहार जाने वाली कई छोटी और बड़ी गाड़ियां फंस गईं।

स्थानीय नागरिकों ने इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने और आवश्यक सुधार करने की मांग की है, क्योंकि दनुआ घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाओं से कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इसे मौत की घाटी भी कहा जाता है। चौपारण थाना और चोरदाहा थाने की पुलिस यातायात को सुचारू करने में जुटी हुई है।