रांचीः
अरगोड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले बिल्डर रोशन शर्मा से रंगदारी मांगी गई है। रोशन शर्मा ने अरगोड़ा थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में रोशन ने बताया है कि गैंगस्टर अखिलेश सिंह के नाम पर एक करोड़ की रंगदरी मांगी गयी है। रोशन शर्मा ने अखिलेश सिंह और अमलेश सिंह के विरुद्ध नामजद शिकायत दर्ज की। रोशन शर्मा के पार्टनर आशुतोष गिरि ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि धमकी भरा फोन उन्हीं के मोबाइल पर आया था। आशुतोष गिरि और रोशन शर्मा आपस में बिजनेस पार्टनर हैं।

25 अक्टूबर को आया था फोन
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार आशुतोष गिरि और रोशन शर्मा 25 अक्टूबर को एक साथ बैठकर बातें कर रहे थे, तभी आशुतोष गिरि के मोबाइल पर कॉल आया। फोन पर कहा गया कि वह गैंगस्टर अखिलेश सिंह का आदमी है। उसने कहा कि अपने पार्टनर रोशन शर्मा से कहना है कि एक करोड़ रुपए रंगदारी अखिलेश सिंह के भाई अमलेश को पहुंचा दे। नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे।

कौन है अखिलेश सिंह
झारखंड के सबसे खूंखार गैंगस्टर में एक नाम अखिलेश सिंह का भी है। उसके नाम से व्यापारी जगत का हर कारोबारी कांपता है। इस गैंगस्टर के खिलाफ 56 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज है। अखिलेश सिंह जमशेदपुर के सिदगोड़ा का रहने वाला है। फिलहाल दुमका जेल में बंद है।