सिमडेगा
ओडिशा से झारखंड के रास्ते गांजा तस्करी की एक बार फिर कोशिश की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते इसे विफल कर दिया। सिमडेगा पुलिस ने खम्मन टांड़ इंटर स्टेट चेकपोस्ट पर एक यात्री बस से 4 किलो से अधिक गांजा बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
सिमडेगा एसपी एम. अर्शी ने बताया कि राउरकेला-गुमला एनएच-143 पर स्थित चेकपोस्ट पर विशेष जांच अभियान के तहत ओएसआरटीसी की बस (नं. OD02CW3831) को रोका गया। बस की सीट संख्या 37, 38 और 39 पर बैठे तीन संदिग्ध यात्रियों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से कुल 4.084 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के कैलाश चंद्र सुरेश, पंचवर्षी सिंह और अशोक कुमार महंत के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने गांजा तस्करी की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर झारखंड के रास्ते अन्य राज्यों तक पहुंचाने की योजना में थे। पुलिस ने गांजा जब्त कर तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
