रांची
रांची जेसुइट सोसाइटी के तत्वावधान में मैजिस अवॉर्ड समारोह 2025 रविवार, 6 जुलाई को सेंट जेवियर्स कॉलेज ऑडिटोरियम, रांची में भव्य रूप से आयोजित किया गया। "एक्सीलेंस फॉर इंटीग्रिटी" थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में झारखंड सरकार के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें मुख्य अतिथि के साथ फादर अजीत कुमार एक्सेस, फादर मनोहर खोया और फादर सुधीर मिंज शामिल हुए। इसके बाद फादर इग्नाशियस लकड़ा की अगुवाई में प्रार्थना और सेंट जॉन्स हाई स्कूल, रांची के विद्यार्थियों द्वारा प्रार्थना नृत्य प्रस्तुत किया गया।
फादर अजीत कुमार एक्सेस एस.जे., प्रोविंशियल, ने उद्घाटन संबोधन में कहा कि शिक्षा का असली उद्देश्य चरित्र निर्माण और नैतिकता के साथ उत्कृष्टता प्राप्त करना है।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे राज्य भर के मेधावी छात्र, जिन्हें उनके शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
• गुमला, सिमडेगा, खूंटी और लोहरदगा जिलों के 13 स्कूलों के कक्षा 10वीं के टॉपर्स को मंत्री रामदास सोरेन ने सम्मानित किया।
• रांची जिले के 11 स्कूलों के टॉपर्स को आईपीएस अधिकारी असीम विक्रांत मिंज और अजय लिंडा ने सम्मान पत्र व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
• 12वीं के आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस स्ट्रीम के टॉपर्स को क्रमशः फादर अजीत कुमार एक्सेस, फादर सुधीर मिंज और फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर ने पुरस्कार प्रदान किए।
• तीनों बोर्डों के समग्र टॉपर्स को फादर ब्राइस बिलुंग, फादर मनोहर खोया, डॉ. देवेंद्र सिंह और जसबीर खुराना ने अलग-अलग वर्गों में सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि रामदास सोरेन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज में बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा को राज्य और देश के निर्माण में लगाएं। कार्यक्रम में सेंट जेवियर्स स्कूल, डोरंडा और सेंट इनीगो स्कूल, सापरम के छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। अंत में फादर अजीत कुमार एक्सेस ने सभी अतिथियों और स्कूल प्रमुखों का सम्मान किया, जबकि फादर मनोहर खोया ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
