रांची:
Ranchi News: रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित हेसल तालाब में 25 वर्षीय युवक संदीप मुंडा के डूबने की आशंका है। सोमवार सुबह तालाब के किनारे युवक के कपड़े मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही अनगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई। पानी में डूबे युवक का पता लगाने के लिए एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को भी बुलाया गया है।

नशे की हालत में तालाब में नहाने उतरा था संदीप
स्थानीय लोगों के अनुसार, संदीप रात में अपने एक मित्र के साथ तालाब पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में कपड़े उतारकर तालाब में नहाने के लिए उतरा। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूबने लगा। उसे डूबता देखकर उसका मित्र घबरा गया और मौके से भाग निकला। हालांकि, घटना की पूरी जानकारी अभी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

कपड़े मिलने के बाद ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
सुबह तालाब के किनारे संदीप के कपड़े पड़े मिलने के बाद ग्रामीणों को उसके डूबने की आशंका हुई। इसके बाद अनगड़ा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। फिलहाल तालाब में खोज अभियान जारी है और युवक के मिलने के बाद ही घटना की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।