द फॉलोअप डेस्क, रांची:
द फॉलोअप (The Follow up Impact) की खबर का बड़ा असर हुआ है। 75 वर्षीय सोनामुनी कर्मकार (Sonamuni Karmakar) को 2 महीने का राशन मिल गया है। वृद्धा पेंशन की राशि भी जल्द मिल जायेगी। जिला प्रशासन (Pakur District Administration) ने जानकारी दी है कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना (Pension Scheme) के तहत 6 महीने की पेंशन राशि भुगतान के लिए 1 सप्ताह पहले भेजी गई थी। उसे सोनामुनी कर्मकार को भुगतान कर दिया जायेगा। दरअसल, सोमवार, 2 नवंबर को द फॉलोअप में सोनामुनी कर्मकार की तकलीफ बयां करती एक खबर प्रसारित हुई थी। खबर का शीर्षक था 75 वर्षीय सोनामुनी कर्मकार को नहीं मिल रहा पेंशन और राशन। कागज लेकर कई हफ्तों से लगा रहीं सरकारी दफ्तरों का चक्कर।
सोनीमुनी कर्मकार से जुड़ी प्रकाशित खबर पर पाकुड़ जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से जांच कराई गई। सोनामुनी को सितंबर और अक्टूबर महीने का राशन नहीं मिला था, जो अब उन्हें मुहैया करा दिया है।

6 महीने की पेंशन राशि बकाया थी
जिला प्रशासन ने यह भी जानकारी दी है कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 6 महीने की पेंशन राशि भुगतान के लिए भेजी गई है। सोनामुनी कर्मकार की अप्रैल से सितंबर 2026 तक की, कुल 6 महीने की पेंशन राशि बकाया थी।

बहुत तकलीफ में थीं सोनामुनी कर्मकार
दरअसल, पाकुड़ सदर प्रखंड के कोलाजोड़ा पंचायत अंतर्गत टंकाटोला गांव की रहने वाली सोनामुनी कर्मकार सोमवार को प्रखंड आपूर्ति कार्यालय आई थीं। उन्होंने द फॉलोअप संवाददाता को बताया था कि उन्हें फिंगरप्रिंट नहीं मिलने की वजह से 2 महीने का राशन नहीं मिला है। पेंशन की राशि भी नहीं मिली है। सोनामुनी कर्मकार ने कहा था कि पेंशन और राशन के बिना उनके सामने भोजन का संकट है। उन्होंने कहा था कि वह, भोजन के लिए गांव वालों पर निर्भर हैं। उन्होंने शिकायत की थी कि, जनप्रतिनिधि ने भी उनकी सुध नहीं ली। सोनामुनी कर्मकार ने बताया था कि वह अपनी संतानों से अलग रहती हैं।
हालांकि, सुखद बात है कि द फॉलोअप में खबर प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सोनामुनी कर्मकार को राशन उपलब्ध कराया है। पेंशन भी मिल जायेगी।