logo

हाल~ए~झारखंड : सरकारी बाबू सीख लीजिए सबक, रिटायरमेंट के बाद भी होशियारी खिला देगी होटवार जेल की हवा

सरकारी बाबू सीख लीजिए सबक, रिटायरमेंट के बाद भी होशियारी खिला देगी होटवार जेल की हवा

सूरज ठाकुर/रांची:

मनोज कुमार रंजन, अविनाश कुमार, वैभवमणि त्रिपाठी, राहुल कुमार चौबे, शैलेश कुमार और राजेश कुमार। इन नामों को ठीक से पहचान लीजिए। मैं तो कहता हूं कि याद ही कर लीजिए। दरअसल, ये नाम नहीं बल्कि सबक हैं। झारखंड के पूरे सरकारी सिस्टम के लिए। सबक कि कर्मों का हिसाब होता है। इहलोक और परलोक तो पता नहीं, लेकिन उपरोक्त 6 नाम इस बात का जीता-जागता उदाहरण हैं कि करनी का फल मिलता है, वरना किसने सोचा था कि सेवा में रहते जो मेवा दबाकर  खाया था, उसका भुगतान सेवानिवृत्ति के बाद करना पड़ेगा।

ये 6 नाम साधारण नहीं हैं। अतीत में सभी बड़े सरकारी बाबू रहे हैं। मनोज कुमार रंजन, भूमि सुधार उप-समाहर्ता रहे हैं तो वहीं अविनाश कुमार जिला अवर निबंधक का पद संभाल चुके हैं। वैभवमणि त्रिपाठी और राहुल कुमार चौबे भी सरकारी मुलाजिम रहे। शैलेश कुमार बड़गाईं अंचल के अंचलाधिकारी रहे तो वहीं राजेश कुमार शहर अंचल रांची के अंचलाधिकारी रह चुके हैं।

पद पर रहते हुए कहां तो सोचा होगा कि एक दिन हैप्पी रिटायरमेंट वाली लाइफ जिएंगे और कहां अब सलाखों की सैर पर जाना पड़ा है। 

रिम्स जमीन घोटाला केस के प्रमुख किरदार हैं
झारखंड के ये 6 अधिकारी इस बात का भी सबक हैं कि इंसान को वर्तमान में जीना चाहिए। जो कमाओ, उसी में बचाओ और एक खुशहाल जिंदगी बिताओ। भविष्य की चिंता में ज्यादा जमा करने की चाहत किसी दिन हैप्पी रिटायरमेंट की जगह होटवार के दर्शन करा देगी। दरअसल, ये अधिकारी रांची में रिम्स की 9.65 एकड़ जमीन की फर्जी दस्तावेजों के सहारे खरीद-फरोख्त के काले खेल के प्रमुख खिलाड़ी रहे हैं। ऐसा एसीबी का कहना है। सिस्टम में रहते सोचा होगा कि पगार से आज सधेगा। भविष्य को साधना है तो ऊपर की कमाई नीचे से करनी चाहिए।

नीचे से ऊपर की कमाई की चाहत कैसे किसी अधिकारी को अर्श से फर्श पर ला पटकती है, झारखंड की पूरी ब्यूरोक्रेसी को एसीबी की मौजूदा कार्रवाई से सीखने की जरूरत है। 

झारखंड में सिस्टम ही भ्रष्टाचार के लिए है क्या!
सिस्टम में भ्रष्टाचार होता है, लेकिन झारखंड में एसीबी के एक्शन को देखकर सवाल उठता है कि कहीं यहां सिस्टम ही भ्रष्टाचार के लिए तो नहीं है। सरकारी सिस्टम में पीयून से लेकर बड़ा बाबू, जमादार से लेकर थानेदार, अर्दली से लेकर नौकरशाह तक भ्रष्टाचार में आकंठ लिप्त दिखते हैं। यहां कुछ हजार से लेकर सैकड़ों करोड़ रुपये तक के करप्शन की न जाने कितनी कथा है। कोई महीना ऐसा नहीं बीतता जब कोई सरकारी कर्मचारी भ्रष्टाचार के जुर्म में न पकड़ा गया हो।

कभी-कभी ऐसा लगता है मानो झारखंड में सरकारी बाबुओं की हालत कसाईखाने में खड़े उन बकरों की तरह है जो सामने साथी को कटता देखते हैं, लेकिन फिर भी लालच की गोंद से चिपके कसाई का दिया चारा चाभते रहते हैं। 

रिम्स जमीन घोटाला मामले में रिटायरमेंट के बाद गिरफ्तार 6 अधिकारी इस सबक का उदाहरण हैं कि सबका नंबर आयेगा। करप्शन के मामले में जांच एजेंसियों के ऑफर की जानकारी शायद सभी सरकारी मुलाजिमों को होनी चाहिए कि सेवा के साथ भी और सेवानिवृत्ति के बाद भी। सेवा में रहते जो मेवा खाया था, उससे बदहजमी का जिन्न आपका पीछा रिटायरमेंट के बाद भी नहीं छोड़ेगा। 

रिटायरमेंट के बाद भी कार्रवाई का जिन्न पकड़ेगा
सरकारी मुलाजिमों को शायद सबक मिले कि आज पद, पावर, रसूख और हनक के दम पर लालची होकर जो लूट उन्होंने मचा रखी है, एक दिन इसका भुगतान करना पड़ेगा। हो सकता है कि सिस्टम को लूटकर धनकुबेर हो जाएं,  पूरे सेवाकाल में किसी को इसकी भनक तक ना लगे। हो सकता है कि वे समझते हों कि खा-पीकर यूं ही आराम से रिटायर हो जाएंगे, लेकिन जमीन घोटाला प्रकरण सिखाता है कि बुरे कर्मों का नतीजा कभी भी मिल सकता है।

दर्जनों रातें यूं होटवार की सलाखों में कट सकती है। मास्टर बेडरूम की चाहत उन्हें कंबल बिछे खुरदरे फर्श वाले सेल में पहुंचा सकती है।

Tags - Jharkhand NewsRIMS Land ScamJharkhand GovernmentACBCurroption