logo

MMDR संशोधन अधिनियम 2026 के पीछे केंद्र के तर्क, ज़मीनी हक़ीक़त और झारखंड का दांव

MMDR संशोधन अधिनियम 2026 के पीछे केंद्र के तर्क, ज़मीनी हक़ीक़त और झारखंड का दांव

मनोज पाण्डेय, रांची:

खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 संसद से 13 अगस्त को पारित हुआ और 17 अगस्त को राष्ट्रपति की मंज़ूरी मिली। इसकी केंद्रीय व्यवस्था यह है कि राज्य सरकारें खनिज अधिकारों और खनिज-युक्त भूमि पर कर, उपकर या अन्य शुल्क केवल निर्धारित शर्तों के अनुसार ही लगा सकेंगी। विवाद की जड़ नई धारा 9D है। जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट की 9-जजों की पीठ ने माना था कि खनिज अधिकारों पर कर लगाने की शक्ति राज्यों के पास है और रॉयल्टी कर नहीं है। 

पहले बीजेपी नेताओं के ब्य़ान पर ध्यान देते हैं। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि इस कानून से राज्यों की भूमि के स्वामित्व और अधिकारों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। राज्यों को मिलने वाली रॉयल्टी, नीलामी प्रीमियम और जिला खनिज फाउंडेशन (DMFT) की फंडिंग पहले की तरह जारी रहेगी। 

90% से अधिक राजस्व राज्यों को 
21 और 22 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिए अपने बयानों में उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्र से होने वाले राजस्व का 90% से अधिक हिस्सा (7 लाख करोड़ रुपये से अधिक) राज्यों की समृद्धि के लिए ही जाएगा। उन्होंने तर्क दिया कि राज्यों द्वारा अत्यधिक और असंतुलित टैक्स लगाने से कच्चा माल महंगा हो जाता है, जिससे घरेलू उद्योग प्रभावित होते हैं और आयात पर निर्भरता बढ़ती है। इस कानून का लक्ष्य उत्पादन बढ़ाना और आम जनता को अत्यधिक कराधान से बचाना है। 

झारखंड भाजपा नेताओं के बयान
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पूरे देश के लिए एक कानून है।  यह कानून केवल झारखंड के लिए नहीं, बल्कि ओडिशा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और राजस्थान समेत पूरे देश के खनिज राज्यों के लिए लागू है। अन्य राज्यों में इसका विरोध नहीं हो रहा है। मरांडी के अनुसार, झारखंड सरकार द्वारा कोयले पर ₹450 प्रति टन और आयरन ओर पर ₹600 प्रति टन अतिरिक्त टैक्स लगाने से बिजली और स्टील महंगे हो रहे हैं। इससे व्यापारी झारखंड के बजाय ओडिशा या छत्तीसगढ़ से खनीज खरीद रहे हैं, जिससे राज्य में उत्पादन घट रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष इस कानून का विरोध इसलिए कर रहा है क्योंकि इससे अवैध खनन और '2 नंबर की कमाई' बंद हो जाएगी। साथ ही, उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के आंदोलन से ध्यान भटकाने के लिए इस मुद्दे को उठा रही है।

झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्यों का खनन राजस्व छिनने की आशंकाएं पूरी तरह निराधार हैं। केंद्र का उद्देश्य केवल राज्यों द्वारा मनमाने ढंग से लगाए जाने वाले उपकर (सेस) को रोकना है। साथ ही कहा कि कांग्रेस और झामुमो पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्नाटक, केरल और हिमाचल प्रदेश जैसे कांग्रेस शासित राज्यों में इसका विरोध नहीं हो रहा है, लेकिन झारखंड में विरोध इसलिए हो रहा है क्योंकि यहां कोयला चोरी से होने वाली अवैध कमाई बंद होने जा रही है। 

केंद्र सरकार का तर्क
केंद्र सरकार के पक्ष में मुख्यतः चार बातें कही जा रही हैं। लोकसभा में इस संशोधन को पेस करने के इस कानून की जरूरत को कुछ ऐसे बताया गया।

एकरूप और अनुमानित कर-व्यवस्था-  सरकार का कहना है कि खनन कंपनियों पर निष्कर्षण से लेकर ढुलाई तक कई स्तरों पर कर, उपकर और शुल्क लगते हैं, और अलग-अलग राज्यों की दरें अनिश्चितता तथा लागत बढ़ाती हैं। 

निवेश और क्रिटिकल मिनरल्स-  केंद्र के अनुसार पूर्वानुमेय व्यवस्था से, ख़ासकर लिथियम, तांबा और कोबाल्ट जैसे क्रिटिकल मिनरल्स में, देशी-विदेशी निवेश आकर्षित होगा। 

संवैधानिक आधार-  केंद्र संघ सूची की प्रविष्टि 54 का सहारा लेता है, जो जनहित में खान और खनिज विकास के नियमन का अधिकार संसद को देती है। 

राज्यों को नुकसान नहीं-  
खान मंत्री जी. किशन रेड्डी का दावा है कि राज्यों का खनिज राजस्व-हिस्सा 2014-15 के 65 प्रतिशत से बढ़कर अब 85 प्रतिशत हो गया है, कोयले में 51 से 96 प्रतिशत, और किसी राज्य का राजस्व घटेगा नहीं। केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि झारखंड का खनिज राजस्व 2014 से पहले के लगभग 4,662 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में क़रीब 33,494 करोड़ रुपये हो गया। भाजपा नेताओं का यह भी कहना है कि यह संशोधन राज्य सरकार की मनमानी पर अंकुश लगाएगा। केंद्र के पक्ष में एक और बिंदु है। झारखंड का खनिज-युक्त भूमि उपकर अगस्त 2024 में कोयला और लौह अयस्क पर 100 रुपये प्रति टन से शुरू हुआ और मार्च 2025 तक दरें 250 और 400 रुपये हो गईं। आलोचकों के अनुसार दरों की यही तेज़ बढ़ोतरी अनिश्चितता का उदाहरण है। 

हक़ीक़त क्या, विवाद क्या
संशोधन कानून के तहत जो राशि राज्य पहले वसूल चुके हैं, उसे लौटाना नहीं पड़ेगा। मगर आगे की वसूली और लंबित दावे सवालों में हैं। राज्य और केन्द्र दोनों पक्षों के आंकड़े अलग ढांचे में दिए गए हैं। केंद्र "राजस्व-हिस्सा" गिनाता है, यानी राज्यों को मिलने वाला हिस्सा। झारखंड "अपनी कर-शक्ति" की बात करता है, यानी वह अधिकार जो राज्य अपने विवेक से इस्तेमाल करता था। भाजपा का एक तर्क है कि झारखंड को आवंटित 37 वाणिज्यिक कोयला खदानों से 2025-26 में सिर्फ़ 0.35 मिलियन टन उत्पादन हुआ, यानी बजट-लक्ष्य के मुताबिक़ खनन तेज़ी से बढ़ाना आसान नहीं। 

संवैधानिक प्रश्न अब भी खुला है
केंद्र प्रविष्टि 54 पर खड़ा है, जबकि राज्य राज्य सूची की प्रविष्टि 18 (भूमि) का हवाला देकर कहते हैं कि खनिज-युक्त भूमि उन्हीं के अधिकार-क्षेत्र में है। जेएमएम के नेतआ का कहना है कि यह संशोधन सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के सीधे विपरीत है। दूसरी तरफ़ एक विधि-विशेषज्ञ का मत है कि संशोधन वही लागू करता है जो संसद के बारे में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था। अंतिम फ़ैसला अदालत को करना है। लेकिन जेएमएम इसकी लडाई जमीन पर लडना चाहता है। झारखंड में इसको लेकर विशेष सत्र का आयोजन किया जाना है, जहां सत्ता और विपक्ष की अपनी अपनी तैयारी है।

झारखंड सरकार के अनुसार संभावित नुकसान
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री को लिखा कि 2024-25 में खनन राजस्व राज्य के अपने ग़ैर-कर राजस्व का 84.9 प्रतिशत था। इतनी निर्भरता वाले राज्य के लिए कर-शक्ति पर पाबंदी का असर बड़ा हो सकता है। राज्य सरकार ने लगभग 11,000 करोड़ रुपये के जोखिम की ओर संकेत किया है। झारखंड कोयला रॉयल्टी और भूमि-किराये के क़रीब 1.36 लाख करोड़ रुपये के बकाये का दावा करता है। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का कहना है कि संशोधन ने इस दावे को ख़त्म कर दिया है। राष्ट्रीय स्तर पर अनुमान है कि राज्य 1.5 से 2 लाख करोड़ रुपये के बकाये की वसूली से वंचित हो सकते हैं।  डाउन टू अर्थ का तर्क है कि यह कटौती विस्थापितों के पुनर्वास और खनन-संक्रमण के लिए राज्य के कोष को ख़तरे में डालती है। मुख्यमंत्री ने भी कहा है कि इससे राज्य की सामाजिक और पर्यावरणीय लागत उठाने की क्षमता घटेगी। 

आगे क्या
झारखंड सरकार ने सुप्रीम कोर्ट जाने और जनता के बीच मुद्दा ले जाने, दोनों मोर्चों पर लड़ने की बात कर रही है। कर्नाटक, केरल और तेलंगाना की भी संयुक्त याचिका की तैयारी की ख़बर है। यह बहस केवल पैसों की नहीं, संघीय ढाँचे की भी है। केंद्र निवेश और एकरूपता को प्राथमिकता देता है, और राज्य संसाधनों पर अपने अधिकार और स्थानीय लोगों की भरपाई को। राजनीतिक बयानों के बीच असली कसौटी सुप्रीम कोर्ट में होगी। तब तक झारखंड के लिए आँकड़ों का यह फ़र्क़ अहम रहेगा कि नुकसान "भविष्य की संभावित कमाई" का है या "पहले से तय बकाये" का।

Tags - Jharkhand NewsMineralMMDR BillCentral GovernmentHemant Soren