logo

लोकसभा शीतकालीन सत्र, तारीखों पर ताला; सियासत में उबाल

लोकसभा शीतकालीन सत्र, तारीखों पर ताला; सियासत में उबाल

मनोज पाण्डेय, रांची:

संसद का शीतकालीन सत्र हर साल सर्दी के साथ आता रहा है। हालांकि, इस बार सर्दी आ गई, लेकिन सत्र की तारीख़ें नहीं आईं। सरकार ने अब तक कोई एलान नहीं किया है। सवाल यह है कि सत्र पर क्या पर्दा पड़ा है, या पर्दे के पीछे कुछ और चल रहा है। जितनी मुह उतनी बात सुनने को मिल रही है।

संसद सत्र की खातिर 103 दिन का इंतज़ार
मानसून सत्र 13 अगस्त को ख़त्म हुआ था। रिपोर्ट्स के मुताबिक़ तब से मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं हुआ और यह रिकॉर्ड 103 दिनों से खुला हुआ है। यानी सदन औपचारिक रूप से "खुला" है, पर सांसदों के लिए अब भी कोई बुलावा नहीं है। पिछले साल की तस्वीर इससे उलट थी। तब संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने 8 नवंबर को तारीख़ें बता दी थीं, सत्र 1 दिसंबर से शुरू हुआ और 19 दिसंबर तक चला। इस बार नवंबर का आख़िरी हफ़्ता भी आ गया है। सूत्रों के हवाले से ख़बर है कि सत्र दिसंबर के पहले हफ़्ते में शुरू हो सकता है, लेकिन यह आधिकारिक नहीं है। विपक्ष का कहना है कि उसे कोई सूचना नहीं मिली। तृणमूल के राज्यसभा नेता डेरेक ओ'ब्रायन और कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश दोनों ने यही बात कही है। 

असली पेच: परिसीमन का गणित
चर्चा है कि देरी का कारण संख्या का गणित है। सरकार की प्राथमिकता वह संविधान संशोधन विधेयक बताया जा रहा है, जो परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा है। रिपोर्टों के अनुसार यह लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 करने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था करेगा। कांग्रेस चाहती है कि लोकसभा की सीटें 543 पर ही रहें। आंकड़े सरकार के लिए आसान नहीं हैं। NDA के पास लोकसभा में 320 सदस्य हैं और 540 सदस्यों वाले सदन में 3 सीटें ख़ाली हैं। संविधान संशोधन के लिए विशेष बहुमत चाहिए, इसलिए विपक्ष का साथ ज़रूरी होगा। 

राउत का आरोप: "सांसदों का सेंसेक्स"
इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि भाजपा शीतकालीन सत्र में देरी कर रही है और परिसीमन विधेयक के लिए सांसदों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। उनके दावे के अनुसार इसके लिए प्रति सांसद 150 करोड़ रुपये तक की पेशकश की जा रही है। राउत ने तंज़ भी कसा। उनके मुताबिक़ जैसे शेयर बाज़ार में भाव चमकते हैं, वैसे ही अब सांसदों की ख़रीद-फ़रोख़्त के राष्ट्रीय भाव तय हो रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार को 40 से 45 सांसदों की कमी है, इसलिए छोटे दलों को तोड़ने या दबाव में लाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के मुंबई दौरों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि सरकार अपने अहं की वजह से शीतकालीन सत्र की बलि दे रही है। 

मोदी सरकार के बचाव में उतरी भाजपा
भाजपा ने इन विपक्ष के आरोपों को सिरे से ख़ारिज किया है। पार्टी प्रवक्ता टी.आर. केशव ने राउत पर बिना सबूत और तथ्य के आरोप लगाने की बात कही और इसे "फ़ेक न्यूज़" बताया। यहां यह साफ़ रहे कि 150 करोड़ वाला दावा अब तक सिर्फ़ राउत का आरोप है। इसके पक्ष में कोई सार्वजनिक सबूत सामने नहीं आया है। 

थरूर का ट्वीट: "मेरा सांसद, उनका कैलेंडर"
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई की पोस्ट के जवाब में कहा कि कई संसदीय लोकतंत्र अपने सत्रों की तारीख़ें पहले से प्रकाशित करते हैं। उन्होंने लिखा, "ब्रिटेन या जर्मनी का सांसद सालों पहले अपना कैलेंडर तय कर सकता है। फिर भारत के सांसद को ही एक मनमौजी सरकार और उसकी बदलती राजनीतिक पसंद-नापसंद पर क्यों निर्भर रहना पड़े?"  थरूर की बात आंकड़ों से भी मेल खाती है। ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देश साल की शुरुआत में ही पूरे साल की बैठकों की तारीख़ें जारी कर देते हैं। जर्मनी के बुंडेस्टाग का भी पहले से तय सालाना कैलेंडर होता है। भारत में सत्र बुलाने का अधिकार सरकार के पास है, इसलिए तारीख़ें भी उसी की मर्ज़ी पर चलती हैं। 

सोशल मीडिया पर क्या चल रहा है
सोशल मीडिया पर लोग सवाल पूछ रहे हैं कि जब स्कूल-कॉलेज साल भर का कैलेंडर पहले बता देते हैं, तो देश की सबसे बड़ी पंचायत क्यों नहीं बता सकती। कहीं यह सत्र टालकर पहले संख्या जुटाने की रणनीति तो नहीं है। विपक्षी नेता और आम लोग दोनों इन सवालों में शामिल हैं। 

गतिरोध पर विपक्ष आगे क्या करेगा?
सूत्रों की मानें तो सत्र दिसंबर के पहले हफ़्ते में बुलाया जा सकता है, पर तारीख़ों पर मुहर लगनी बाक़ी है। कुछ रिपोर्टों में परिसीमन विधेयक के लिए एक संक्षिप्त विशेष सत्र की चर्चा भी है। तारीख़ें जब भी आएं, तब तक यह इंतज़ार लोकतंत्र के कैलेंडर पर एक सवाल की तरह टंगा रहेगा: संसद सरकार के अनुसार चलेगी, या सरकार संसद के कैलेंडर के अनुसार?

Tags - Parliament Winter SessionNDA AllianceINDIA AllianceModi GovernmentLOP Rahul Gandhi