चंपारण
पश्चिम चंपारण के बगहा स्थित भैरोगंज से एक बड़ी खबर सामने आई है। निगरानी विभाग की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसआई ओमप्रकाश गौतम को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक, यह दारोगा पहले भी कई बार अवैध रूप से रिश्वत वसूल चुका था, जिससे स्थानीय लोग बेहद परेशान थे। कई पीड़ितों ने इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की, जिसके बाद पटना से आई विशेष टीम ने बगहा के भैरोगंज में जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। इस कार्रवाई की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई, जिससे हड़कंप मच गया।

गिरफ्तारी की खबर सुनते ही इलाके के लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। वर्षों से इस भ्रष्ट अधिकारी के अत्याचार झेल रहे नागरिकों ने राहत की सांस ली और कई लोगों ने इस कार्रवाई का जश्न भी मनाया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह दारोगा जबरन पैसे वसूलता था और जो लोग विरोध करते, उन्हें धमकाने से भी पीछे नहीं हटता था।
गौरतलब है कि प्रदेश में ऐसे भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों की संख्या कम नहीं है। समय-समय पर कुछ को गिरफ्तार किया जाता है, लेकिन कई अब भी बेखौफ अपने काले कारनामों में लिप्त हैं। आम लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर रिश्वतखोरी करने वाले ऐसे अफसरों के खिलाफ सख्त और व्यापक कार्रवाई की जरूरत है, ताकि व्यवस्था को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जा सके।
.jpeg)