द फॉलोअप डेस्क
केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने बिहार पुलिस में सिपाही पदों के लिए बड़ी बहाली का एलान किया है। पर्षद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए इस बहाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुल 19,838 सिपाही पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें से महिलाओं के लिए 6,017 पद आरक्षित हैं।.jpeg)
18 मार्च से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू
अध्यक्ष ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया 18 मार्च 2025 से शुरू होगी और 18 अप्रैल 2025 तक चलेगी। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के तहत उम्मीदवारों का चयन शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक योग्यताओं के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन में सावधानी बरतें
केंद्रीय चयन पर्षद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन भरने से पूर्व उम्मीदवारों को विज्ञापन में प्रकाशित सभी आवश्यक निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करना चाहिए, ताकि आवेदन में कोई कठिनाई न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि ऑनलाइन आवेदन पत्र में यदि कोई गलती या अपूर्ण जानकारी भरी जाती है, तो वह आवेदन अस्वीकृत हो सकता है।
अध्यक्ष ने यह भी कहा कि उम्मीदवार विशेष रूप से आरक्षण के प्रावधानों, उनसे संबंधित प्रमाण पत्रों (वैधता अवधि, निर्गम तिथि आदि) और विभिन्न कट-ऑफ तिथियों का भली-भांति अध्ययन करें और सुनिश्चित कर लें कि उनके पास आवेदन फार्म भरने के समय सभी आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध हों। आरक्षण कोटि आदि के संबंध में पूरी तरह से आश्वस्त होकर ही आवेदन को अंतिम रूप से समर्पित करें।
चयन प्रक्रिया के लिए तैयारी शुरू करें
अध्यक्ष ने उम्मीदवारों को यह सुझाव दिया कि वे चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से संबंधित तैयारियां अभी से शुरू कर दें और लिखित परीक्षा या शारीरिक दक्षता परीक्षा की तिथियों की प्रतीक्षा न करें। यह भर्ती राज्य पुलिस बल में रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगी और पुलिस सेवा में करियर बनाने की इच्छुक युवाओं के लिए एक बड़ा मौका है।