logo

बिहार के मखाना, घी और गुलाब जामुन का जलवा अमेरिका और कनाडा में: जानें क्या है खास?

माखना.jpg

द फॉलोअप डेस्क
 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यवासियों के लिए एक नए बाजार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने अणे मार्ग से सुधा के पहले एक्सपोर्ट कंसाइनमेंट का शुभारंभ किया, जिसके तहत दो वाहनों को रवाना किया गया। इन वाहनों में से एक में बिहार में उत्पादित मखाना और घी है, जिसे अमेरिका भेजा जाएगा, जबकि दूसरे वाहन के जरिए गुलाब जामुन कनाडा भेजा जा रहा है।
यह निर्यात पहल पशु एवं मत्स्य विभाग के तहत शुरू हुई है, और मुख्यमंत्री के हरी झंडी दिखाने के बाद दोनों गाड़ियां समुद्री पोर्ट की ओर रवाना हुईं, जहाँ से इन्हें आगे जहाज के माध्यम से उनके गंतव्य स्थानों तक भेजा जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में पशु एवं मत्स्य विभाग की अपर सचिव डॉ. एन विजयालक्ष्मी ने मुख्यमंत्री को इस पहल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर डेयरी और मत्स्य पालन विभाग के केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री रेणु सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, राजस्व मंत्री संजय सरावगी, पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार और सांसद संजय कुमार झा समेत कई प्रमुख मंत्री मौजूद थे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत और अन्य अधिकारी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस पहल के जरिए बिहार के उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पहचान मिलनी शुरू होगी, जो राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ निर्यात के नए अवसरों को भी उत्पन्न करेगा।
 

Tags - BIHARBIHARNEWSBIHARPOSTMKHANADRYFRUITAMERICALATESTNEWS