द फॉलोअप डेस्क
पाईका, पंच-परगनिया, मुंडारी, मानभूम छऊ, नागपुरी नृत्य के माध्यम से कलाकारों ने लोगों का मन मोह लिया। हर तरफ तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कलाकारों ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। मौका था दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2022 में आयोजित झारखंड दिवस समारोह का। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कालाकारों का हौसल बढ़ाया। वे इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि झारखंड के जिस परिवार को दो वक्त का भोजन सही से नहीं मिल पाता था। उस परिवार के बच्चे खेल में देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन सभी हुनरमंद बच्चों को वर्तमान सरकार तराशने में लगी है और आने वाली पीढ़ी को उनके लिए बेहतर मार्ग प्रशस्त करने के लिए रोज नए सोच के साथ देश के सामने आ रही है।

झारखंड के लोग बना रहे अपनी पहचान
समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा यह झारखंड के लिए गौरव की बात है कि आज झारखंड के आदिवासी और मूलवासी शैक्षणिक, सामाजिक और राजनीतिक तौर पर अपनी अलग पहचान बना रहें हैं। आज जहां हर जगह एक कंपीटिशन का माहौल बना हुआ है। ऐसे में हर कोई अपनी क्षमता, हुनर और बल पर वे अपनी पहचान बनाता है। उन्होंने कहा जिस प्रगति मैदान में वर्षों पहले पढ़ाई के दौरान आया था। आज वहां अतिथि के रूप में आया हूं।

मुख्यमंत्री का झारखंड आने का न्योता
मुख्यमंत्री ने झारखंड की खूबसूरती का बयान करते हुए लोगों को झारखंड आने का न्योता भी दिया। उन्हेंने कहा कि देशवासी झारखंड आएं। आप सभी का स्वागत है। यहां आकर देखिए झारखंड कितना खूबसूरत है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस राज्य में जब आप आएंगे तब यहां की धरा आपका दिल मोह लेगी।

प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह
झारखंड दिवस समारोह में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2022 में झारखंड पवेलियन का परिभ्रमण किया। मेले में भाग लेने वाले झारखंड के प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने मेले में पलाश, झारक्राफ्ट, खादी, कृषि, पशुपालन विभाग का जैविक कृषि का स्टॉल, वन विभाग का स्टॉल, ऊर्जा विभाग का जरेडा स्टॉल, लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के स्टॉल में विशेष रूची दिखाई। मुख्यमंत्री के साथ श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, विधायक दिनेश विलियम मरांडी, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, उद्योग सचिव वंदना दाडेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे एवं अन्य लोग उपस्थित थे। मालूम हो कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में झारखंड पार्टनर स्टेट के तौर पर शामिल हुआ।