logo

तेजस्वी यादव ने आरक्षण के मुद्दे पर सड़क पर उतरने का किया ऐलान, पटना में करेंगे धरना

तेजस्वी यादव ने आरक्षण के मुद्दे पर सड़क पर उतरने का किया ऐलान, पटना में करेंगे धरना

द फॉलोअप डेस्क 

बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरक्षण के मुद्दे पर सड़क पर उतरने का ऐलान किया है। बिहार विधानसभा का सत्र चल रहा है और इस दौरान विधानसभा में आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा हुई थी। विपक्ष के नेताओं ने विधानसभा परिसर में आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था। अब आरक्षण के लिए सड़क पर भी संघर्ष देखने को मिलेगा। तेजस्वी यादव पटना में इस मुद्दे पर धरने पर बैठेंगे। उन्होंने इस बारे में एक्स पर जानकारी दी।
तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, "हमारी सरकार द्वारा बिहार में बढ़ाई गई 65% आरक्षण सीमा को रोक देने से अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा-अतिपिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 16% आरक्षण का सीधा नुकसान हो रहा है, जिससे इन वर्गों के 50,000 से अधिक युवाओं को नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। TRE-3 शिक्षक नियुक्ति के तीसरे चरण में भी आरक्षण लागू नहीं होने से इन वर्गों के हजारों अभ्यर्थियों को हजारों नौकरियों का नुकसान हुआ।"
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी तेजस्वी यादव के इस धरने को लेकर एक्स पर एक पोस्ट किया। राजद की तरफ से लिखा गया, "आरक्षण खोर, नौकरी चोर भाजपा नीतीश सरकार जवाब दो! दलित, पिछड़े, अति पिछड़े वर्गों की 50,000 नौकरियां चुराने वाली सरकार जवाब दो! बहुजनों के लिए 65% आरक्षण में रोड़ा अटकाने वाली भाजपा नीतीश सरकार जवाब दो! हर दलित, पिछड़े, अति पिछड़े बेरोजगार युवा के साथ खड़ी है राष्ट्रीय जनता दल!"
तेजस्वी यादव का यह आंदोलन आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है, क्योंकि आरक्षण का मुद्दा बिहार के कई वर्गों के लिए संवेदनशील है।

Tags - BIHARBIHARNEWSBIHARPOSTRJDTEJASWILATESTNEWSPATNA