खगड़िया:
बिहार (Bihar) में अपराधी एक बार फिर बेलगाम हो गए हैं। रविवार देर रात खगड़िया (Khagaria) जिले के बेलदौर में दबंगों ने भीड़ में अंधाधुंध फायरिंग की जिसमें 1 नाबालिग जख्मी हो गया है। घायल बच्चे को तुरंत इलाज के लिए बेलदौर पीएचसी (PMCH) में भर्ती कराया गया है। बच्चे की पहचान गंगा पासवान के बेटे प्रीतम कुमार के रूप में हुई है। वहीं इस वारदात के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल है। वहीं मौके पर पुलिस (Bihar Police) कैंप कर रही है।
बीच-बचाव कर रहे रंजीत पासवान को दबंगों ने पीटा
मामला बेलदौर के गांधीनगर क्षेत्र का है। रविवार रात कुछ दबंग अनोज ठाकुर के दुकान पर पहुंचे। उन्होंने वहां दुकानदार से उधार में सिगरेट मांगी। दुकानदार ने मना कर दिया। मना किए जाने पर दुकानदार व दबंगों के बीच बहस हो गई। इसी बीच दोनों पक्ष को समझा कर बात सुलझाने की रंजीत पासवान कोशिश कर रहे थे। वहीं बीच-बचाव कर रहे रंजीत पासवान को दबंगों ने मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घायल को देखने ग्रामीणों की भीड़ पर दबंगों ने 4 गोलियां चलाई। जिसमें प्रीतम के पीठ पर गोली लग गई।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
बच्चे को गोली लगने के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं दबंग घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस उनकी खोज में जुटी है। बच्चे के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। फिलहाल वह डॉक्टर की निगरानी में है।