logo

अररिया में डबल मर्डर से सनसनी: गोली मारी, फिर बदले में आरोपी को जिंदा जला दिया

 अररिया में डबल मर्डर से सनसनी: गोली मारी, फिर बदले में आरोपी को जिंदा जला दिया

अररिया 
बिहार के अररिया जिले के भरगामा प्रखंड के नवटोली धनेश्वरी गांव में शुक्रवार देर रात दोहरे हत्याकांड (डबल मर्डर) की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पंचायत समिति सदस्य गुड्डू यादव के सीमेंट और बालू के डिपो में सो रहे 30 वर्षीय युवक जय कुमार यादव की रात करीब 3 बजे बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जय कुमार स्थानीय निवासी था और गुड्डू यादव का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है।
जय की हत्या की खबर फैलते ही गांव में तनाव फैल गया। गुस्साई भीड़ ने हत्या के आरोपित नयन यादव के घर पर धावा बोल दिया और घर में आग लगा दी। आग में झुलसकर नयन यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे यह मामला एक डबल मर्डर में बदल गया।


घटना की सूचना पर भरगामा थाना अध्यक्ष राजेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रानीगंज, बौंसी सहित कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस डबल मर्डर की जड़ें एक पुराने जमीन विवाद से जुड़ी हो सकती हैं। बताया जा रहा है कि गुड्डू यादव और नयन यादव के बीच वर्षों से जमीन को लेकर तनातनी चल रही थी। इसी रंजिश के चलते नयन यादव पर जय कुमार की हत्या का आरोप लगा है। जवाबी कार्रवाई में उग्र भीड़ ने नयन यादव को जिंदा जला दिया। एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi