logo

आरा में तनिष्क शोरूम में लूटकांड पर रोहिणी आचार्या ने नीतीश कुमार को घेरा

ROHINI.jpg

द फॉलोअप डेस्क

 बिहार के आरा में तनिष्क शोरूम में हुए लूटकांड को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। रोहिणी ने कहा कि बिहार में अपराधियों के मंसूबे देखकर ऐसा लगता है कि किसी दिन ये सबसे सुरक्षित कहे जाने वाले मुख्यमंत्री आवास (सीएम हाउस) में भी घुस सकते हैं, और नीतीश कुमार हाथ पर हाथ धरे बैठे रह जाएंगे।
सारण से लोकसभा चुनाव लड़ चुकीं रोहिणी आचार्या ने आरा लूटकांड पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लगातार दो पोस्ट किए। उन्होंने लिखा कि आरा के भीड़-भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े 20-25 मिनट तक ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों की डकैती को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसा नीतीश के सत्ता में आने से पहले नहीं होता था।
रोहिणी ने कहा कि अपराधियों में अब पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। नीतीश कुमार चाहे जितना बिहार में कानून-व्यवस्था का झूठा ढिंढोरा पीट लें, लेकिन सच यह है कि सुशासन के दावों का ढोल अब फट चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने कुर्सी से चिपके रहने की मजबूरी में बिहार को अपराधियों के रहमो-करम पर छोड़ दिया है, और राज्य पूरा का पूरा अपराधियों के आगे नतमस्तक हो चुका है।
रोहिणी आचार्या ने आगे कहा कि तनिष्क शोरूम में लूट से पहले नीतीश के शासनकाल में सोहेल हिंगोरा अपहरण कांड हुआ था, जो देश का सबसे बड़ा किडनैपिंग केस था, जिसमें 25 करोड़ रुपये की फिरौती वसूली गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि देश का सबसे बड़ा ट्रेजरी घोटाला, सृजन स्कैम, भी उनके शासनकाल में हुआ था, जिसमें 1900 करोड़ रुपये का घपला किया गया। उन्होंने कहा कि नीतीश के शासनकाल को "लूटासन" कहा जाए तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी।
बताते चलें कि आरा के तनिष्क ज्वेलरी शोरूम से सोमवार को अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब 10 करोड़ रुपये के गहने लूट लिए थे। पुलिस ने एक घंटे के अंदर दो लुटेरों को एनकाउंटर में पकड़ लिया था, और उनके कब्जे से लगभग पौने दो करोड़ रुपये के गहने भी बरामद किए। हालांकि, बाकी अन्य लुटेरे अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। वहीं, लूटे गए 8 करोड़ रुपये के गहनों से भरा एक झोला अभी तक नहीं मिल पाया है।
 

Tags - BIHARBIHARNEWSBIHARPOSTRJDJDUROHINILALUYADAVNITISHKUMAR