पटना:
बिहार में राजनीतिक उथल-पथल के बाद नई सरकार का गठन 10 अगस्त को हो चुका है। बुधवार को महागठबंधन की सरकार ने अपनी बहुमत भी साबित कर दी है। वहीं विजय सिन्हा ने विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा भी दे दिया है। अब बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए अवध बिहारी चौधरी आज दोपहर 12 बजे अपना नामांकन करेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और महागठबंधन के अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि अभी जदयू कोटे से आने वाले उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी कार्यकारी स्पीकर की भूमिका निभा रहे हैं। नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव कल यानी 26 अगस्त को होगा।

26 अगस्त को बुलाई गई विधानसभा की कार्यवाही
नए विधानसभा स्पीकर के चुनाव के लिए विधानसभा की कार्यवाही 26 अगस्त को भी बुलाई गई है। इस चुनाव में अवध बिहारी चौधरी का निर्विरोध जीतना तय है क्योंकि विपक्ष में बीजेपी अकेले पार्टी है और संख्या बल के हिसाब से केवल 76 विधायक हैं। जबकि महागठबंधन के 7 दलों के पास कुल 164 विधायकों का समर्थन है और एआईएमआईएम के एक विधायक भी महागठबंधन को ही सपोर्ट कर रहे हैं, तो इसलिए संख्या बल को लेकर कहीं कोई परेशानी नहीं है। अवध बिहारी चौधरी का चुनाव जीतना लगभग तय है। बीजेपी की तरफ से किसी ने अभी तक अपना नामांकन भी नहीं किया है वहीं इसकी उम्मीद भी कम जताई जा रही है।

देवेश चंद्र ठाकुर आज विधान परिषद के सभापति का पद संभालेंगे
वहीं दूसरी ओर बिहार में जेडीयू नेता और विधान पार्षद देवेश चंद्र ठाकुर को विधान परिषद के सभापति का पद संभाल लेंगे। बता दें कि देवेश चंद्र ठाकुर बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले है। वो तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनकर विधान परिषद में आए हैं। देवेश चंद्र सीएम नीतीश के बहुत करीबी है।