logo

राजगीर बना एडवेंचर हब: अब एक टिकट में जू सफारी से लेकर ग्लास ब्रिज तक पूरा लुफ्त उठा पाएंगे पर्यटक

rajgir.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार का प्रमुख पर्यटन स्थल राजगीर अब एडवेंचर लवर्स के लिए और भी खास बन गया है। दरअसल राजगीर जू सफारी और राजगीर नेचर सफारी प्रशासन ने पर्यटकों के लिए नया प्रायोरिटी पैकेज लॉन्च किया है, जिसमें एक ही टिकट पर कई रोमांचक गतिविधियों का आनंद लिया जा सकेगा। इस पैकेज के तहत पर्यटकों को जू सफारी एंट्री के साथ-साथ 180 डिग्री थिएटर, एवियरी, ग्लास ब्रिज, सस्पेंशन ब्रिज, जिप लाइन, जिप बाइकिंग, आर्चरी शूटिंग, वॉल क्लाइंबिंग और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसी सुविधाएं मिलेंगी। वयस्कों के लिए इसकी कीमत 2000 रूपये और बच्चों के लिए 1000 रूपये तय की गई है।

पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब टिकटिंग सिस्टम को भी आसान बनाया गया है। पहले जहां लंबी कतारों में पर्यटकों को खड़े होकर इंतजार करना पड़ता था, वहीं अब तय स्लॉट (सुबह 10 बजे और दोपहर 12 बजे) में सीमित 40 टिकट ही जारी किए जाएंगे। इससे भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ विजिट का अनुभव भी बेहतर होगा। बता दें कि पिछले तीन महीनों में 1 लाख 37 हजार से अधिक पर्यटक यहां पहुंच चुके हैं, जो इसकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। इधर गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने वेटिंग एरिया में कूलर, ओआरएस और ठंडे पानी की भी व्यवस्था की है।

पर्यटन विभाग के अनुसार यह पैकेज खासतौर पर परिवारों, विदेशी सैलानियों और बौद्ध सर्किट के यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होने वाला है। साथ ही, प्रशिक्षित गाइड होंगे जो हिंदी और अंग्रेजी में जानकारी देकर इस अनुभव को और भी समृद्ध बनाएंगे। ग्लास ब्रिज, जिप लाइन और आर्चरी शूटिंग जैसे आकर्षण पहले से ही पर्यटकों के बीच हिट हैं। अब यह नया पैकेज समय की बचत के साथ एडवेंचर और सुविधा का परफेक्ट कॉम्बिनेशन बनकर सामने आया है।

Tags - Rajgir tourism Rajgir Zoo Safari ticket package Rajgir Nature Safari adventure activities glass bridge Rajgir zip line Bihar suspension bridge Rajgir aviary park India 180 degree theatre experience eco tourism Bihar adventure tourism India Bihar