logo

रेलवे को नहीं लगी खबर, चोरों ने गायब कर दी 2 किलोमीटर लंबी ट्रैक 

1169.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हम आंखों से सुरमा नहीं चुराते, आंखे ही चुरा लेते हैं। मशहूर अभिनेता राजकुमार का ये डायलॉग तो आपने सुना ही होगा। बिहार में भी कुछ ऐसा ही हुआ है। आप मीडिया में ट्रेनों में हुए लूट-पाट की खबरें तो पढ़ते-देखते ही हैं। मगर सोचित कि आप बिहार में ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं और एकाध बोगी या रेलवे ट्रैक गायब हो जाए तो चौंकिएगा मत। दरअसल बिहार के समस्तीपुर जिले में ऐसा मामला सामने आया है कि दो किमी लंबी रेलवे ट्रैक की चोरी कर ली गई है। ये ट्रैक लोहट चीनी मिल को पंडौल रेलवे स्टेशन से जोड़ता था। पिछले कुछ वर्षों से चीनी मिल बंद होने के कारण मार्ग पर कोई हलचल नहीं थी। रेलवे के अधिकारियों ने इसको लेकर अनदेखी की। जिसका फायदा चोरों ने उठा लिया। चोरों ने करीब 2 किमी लंबी ट्रैक चुरा लिया और उसे स्क्रैप डीलरों को बेच दिया। रेलवे के संपत्ति की चोरी के किस्से तो सामने आते रहते हैं मगर संभवत: पहली बार ऐसा है जब 2 किमी ट्रैक ही चोरी कर ली गई है।

रेलवे कर्मियों के शामिल होने की आशंका
मामले के संबंध में रेलवे सुरक्षा बल के दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। समस्तीपुर डीआरएम ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी है। सूत्रों की मानें तो चोरी को आरपीएफ जवानों की मिलीभगत से अंजाम दिया गया। दरभंगा स्थित आरपीएफ चौकी पर भी इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में मधुबनी के जमादार मुकेश कुमार सिंह के साथ झंझारपुर चौकी के प्रभारी श्रीनिवास की पहचान हुई है। उन दोनों पर बोली लगाए बिना कुछ व्यवसायियों को रेल लाइन बेचने का आरोप है। इस पूरे मामले में जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि जांच में दोषी पाए गए लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

ट्रेन का इंजन चुरा ले गए थे चोर
इस से पहले बिहार के ही बेगूसराय जिले में रेलवे यार्ड से एक डीजल इंजन चोरी हो गया था। चोरों ने यार्ड के लिए एक सुरंग खोदी और पुर्जों की चोरी शुरू कर दी, धीरे-धीरे मरम्मत के लिए लाए गए पूरे इंजन को खत्म कर दिया गया। केस दर्ज होने के बाद मुजफ्फरपुर रेलवे सुरक्षा बल ने जांच के दौरान, तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उनके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर मुजफ्फरपुर जिले के प्रभात नगर इलाके में एक कबाड़ के गोदाम में तलाशी ली गई तो ट्रेन के पुर्जों से भरे 13 बोरे मिले थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT