द फॉलोअप डेस्क
जन सुराज उदघोष यात्रा के तहत पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने आज सारण जिले के मढ़ौरा में एक दिवसीय दौर किया। यहां उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया। प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लालू यादव और नीतीश कुमार ने 35 सालों से राज्य की जनता को जात-पात में उलझाकर रखा है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 किलो अनाज देने की बात कर वोटों की राजनीति कर रहे हैं।
असली मुद्दों पर ध्यान देने से बदलेंगे हालात
बता दें कि प्रशांत किशोर ने कहा, "जब तक बिहार के लोग अपने असली मुद्दों—शिक्षा और रोजगार पर ध्यान नहीं देंगे, तब तक हालात नहीं बदलेंगे। यह जरूरी है कि वोट उस सोच से दिया जाए, जिससे आपके बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।"
पीएम पर कसा तंज
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि आपने गुजरात के विकास की कहानी सुनकर पीएम मोदी को वोट दिया था। लेकिन अब आपके बच्चों को गुजरात में मजदूरी करनी पड़ रही है और वहीं विकास हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता ने जिस नेता को वोट दिया था, उसके नाम पर सभी काम हो रहे हैं। लेकिन जनता ने कभी अपने बच्चों के भविष्य के बारे में नहीं सोचा। यही वजह है कि राज्य में बदलाव नहीं आया है।
इस दौरान प्रशांत किशोर ने मढ़ौरा की बंद पड़ी चीनी मिल का उदाहरण देते हुए कहा, "मढ़ौरा की चीनी मिल सालों से बंद पड़ी है, लेकिन यहां के विधायक लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं, क्योंकि लोग जाति के नाम पर वोट डालते हैं।" उन्होंने जनता से अपील की है कि वे आगामी चुनाव में जाति से ऊपर उठकर सोचें और अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए जन सुराज को अवसर दें। प्रशांत किशोर ने इस मौके पर लोगों से यह भी आग्रह किया कि वे आगामी चुनावों में अपनी वोट की शक्ति का सही इस्तेमाल करें। साथ ही अपने परिवार और समाज के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए जागरूक चुनावी निर्णय लें।
