पूर्णिया:
बिहार (Bihar) के पूर्णिया कल्याणी हत्याकांड का पुलिस (Bihar Police) ने एक लेटर की मदद से गुत्थी सुलझा ली है। बता दें कि लेटर में लिखा था कि बुरे काम का बुरा नतीजा। पति के रहते किसी और से संबंध, कोई भी बर्दाश्त नहीं करता। लेटर के अंत में इंग्लिश से नीरज लिखा है। पुलिस को नीरज पर शक है। पुलिस नीरज की खोज में लगी है।

मौसेरी बहन विष्णु प्रिया ने पुलिस को दी जानकारी
कल्याणी का शव शनिवार को प्रभात कॉलोनी में बंद कमरे से मिला था। पास ही लोहे का तवा पड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि तवे से पीटकर पति ने पत्नी की हत्या की। लेटर लिखा और फिर फरार हो गया। वहीं पुलिस को घटना की जानकारी मृतका की मौसेरी बहन विष्णु प्रिया ने दी। विष्णु प्रिया ने केहाट थाना में हत्या का मामला दर्ज करवाया है।

कल्याणी को धमकी देता था नीरज
मौसेरी बहन विष्णु प्रिया ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि कल्याणी कुमारी की हत्या उसके पति नीरज मेहता, नीरज का दोस्त गौतम कुमार और अन्य लोगों ने प्रभात कॉलोनी स्थित कमरे में की है। नीरज बराबर कल्याणी को धमकी भी देता रहता था। बीकोठी थानाक्षेत्र के बड़हरी निवासी नीरज कुमार मेहता पत्नी की हत्या के बाद से फरार है।

दोनों का एक 4 साल का बेटा भी है
वहीं विष्णु प्रिया ने पुलिस को बताया कि कल्याणी और नीरज ने 5 साल पहले भाग कर शादी की थी। दोनों का एक 4 साल का बेटा भी है। उसके बताया कि पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच में अनबन चल रही थी। नीरज को शक था कि उसकी पत्नी का किसी के साथ अवैध संबंध है। वहीं पुलिस ने कहा कि हम मामले की छानबीन कर रहे है।
