द फॉलोअप डेस्क:
Modi Vaishali Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने शनिवार को बिहार के वैशाली (Vaishali) से विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पिछली सरकारों पर गरीबों को लूटने और उनके हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। इस दौरान पीएम मोदी ने बिहार में एनडीए सरकार के एक साल के कामकाज और विकास योजनाओं का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन किया, जिसे ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने बिहार को 34,470 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। पीएम मोदी ने बिहार के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान की भी सराहना की।

34,470 करोड़ की योजनाओं का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह बिहार को हजारों करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देने आए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए के सभी नेताओं का आभार जताया। वैशाली में जुटी भारी भीड़ को देखकर पीएम मोदी ने कहा कि यहां लोगों की मौजूदगी इतनी अधिक है कि इसे कैमरे में कैद करना भी आसान नहीं होगा। कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के सम्मान में इसका नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। यह पुल बिहार के उत्तर और दक्षिण हिस्सों के बीच संपर्क को मजबूत करेगा। इससे लोगों का सफर आसान होगा और दूसरे पुलों पर वाहनों का दबाव भी कम होगा।

पिछली सरकारों पर निशाना
पीएम मोदी ने पिछली सरकारों पर गरीबों को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब बिहार में विकास की रफ्तार तेज हुई है। राज्य में सड़क निर्माण तेजी से हो रहा है और बिजली के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि पहले बिहार के गांव बिजली की कमी से जूझते थे, लेकिन आज राज्य बिजली उत्पादन के क्षेत्र में भी अहम भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं की आर्थिक तरक्की का जिक्र करते हुए बताया कि बिहार की 50 लाख ग्रामीण महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ रही है और कमाई के नए अवसर मिल रहे हैं। पीएम मोदी ने एनडीए की एकजुटता पर जोर देते हुए सभी घटक दलों से मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार को आगे ले जाने के लिए काम कर रही हैं और विकास योजनाओं का लाभ हर क्षेत्र और वर्ग तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।