द फॉलोअप डेस्क
बिहार में महिलाओं के लिए यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने पिंक बस सेवा शुरू करने का ऐलान किया था। इस योजना के तहत अप्रैल के पहले सप्ताह से पिंक बस सेवा का शुभारंभ किया जाएगा, जिससे राज्य के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं को यात्रा के दौरान अधिक सुरक्षा और आराम मिलेगा।
इन शहरों में होगा परिचालन
बता दें कि पहले चरण में यह सेवा प्रदेश के 3 प्रमुख शहरों – पटना, मुजफ्फरपुर और भागलपुर में शुरू की जाएगी। इसके लिए 20 पिंक बस तैयार की जा चुकी हैं, जिनमें से 10 बसें पटना, जबकि 5-5 बसें मुजफ्फरपुर और भागलपुर में चलायी जाएंगी। इन बसों को 31 मार्च तक पटना लाया जाएगा।
महिला ड्राइवर की भर्ती शुरू
बताया जा रहा है कि महिला ड्राइवरों के लिए विशेष भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है। परिवहन निगम ने महिला ड्राइवरों की भर्ती के लिए एक एजेंसी को नियुक्त किया है, जो ड्राइविंग लाइसेंस की जांच और अनुभव की पुष्टि करने के बाद महिला ड्राइवरों को भर्ती करेगी। कुल मिलाकर, 20 महिला ड्राइवर और 20 कंडक्टर की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति के लिए 10 अतिरिक्त ड्राइवरों को भी रखा जाएगा।
महिलाओं को मिलेगी मदद
इसके साथ ही बसों के मार्ग भी विशेष रूप से स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों के आसपास तय किए जाएंगे ताकि महिलाओं को आसानी से उनके गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिल सके। खासतौर पर पटना और इसके आसपास के इलाकों में महिलाओं को निजी बसों या ऑटो का सहारा लेने की आवश्यकता नहीं होगी। सरकार का यह कदम महिलाओं के लिए एक सुरक्षा कवच साबित होगा, जो राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी जल्द ही लागू किया जाएगा। इन बसों का रंग गुलाबी रखा गया है, जो महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा का प्रतीक होगा।
