द फॉलोअप डेस्क
पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे (Patna Purnia Expressway) के निर्माण की आरंभिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसको लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें भूमि अधिग्रहण और निर्माण पूर्व तैयारियों को अद्यतन करने का निर्देश दिया गया।.jpeg)
सड़क और परिवहन मंत्रालय, भारत सरकार ने पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई 244.931 किलोमीटर है, जिसमें से 59.231 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूर्णिया जिले में किया जाएगा। अधिसूचना के अनुसार, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पूर्णिया जिले के छह अंचलों के 55 मौजों से होकर गुजरेगा।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का एलाइनमेंट शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि खेसरा पंजी तैयार कर अन्य आवश्यक कार्रवाई को जल्दी से पूरा किया जा सके। एक्सप्रेस-वे की सभी तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि वे अब से जरूरी कार्यों को जल्द पूरा करें।
इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण के दौरान पूर्णिया जिले के बड़हरा अंचल के सुखसेना, भटोतर सहित कुल 17 मौजों से गुजरना होगा। इसके अलावा, धमदाहा अंचल के चिकनी, राजघाट गरैल व दमैली सहित कुल 15 मौजों से और कृत्यानंद नगर अंचल के बिठनौली, खेमचंद, काझा, ठाकुरबाड़ी, अकबराबाद आदि कुल 14 मौजों से यह सड़क गुजरेगी।