द फॉलोअप डेस्क
बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री और मनोज तिवारी जिस कार में बैठे थे उसका चालान कटा है। दरअसल 13 मई को धीरेंद्र शास्त्री पटना पहुंचे थे। यहां बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कार ड्राइव कर एयरपोर्ट से होटल पनाश पहुंचाया था। तब मनोज तिवारी और पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी। इस मामले में जांच पूरी होने के बाद अब पटना पुलिस ने उस कार पर जुर्माना लगाया है। इस बात की पुष्टि पटना के ट्रैफिक एसपी पूरन कुमार झा ने की है। एक हजार रुपए का चालान ऑनलाइन भेजा गया है। कार मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी इंदर विक्रम सिंह बुंदेला के नाम पर रजिस्टर्ड है। बताते चलें कि छतरपुर में ही बागेश्वर धाम स्थित है। इधर, चालान कटने को लेकर नीतीश सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा है कि बिहार में कानून का राज है। नियम तोड़ने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे जो कोई हो।

ऑनलाइन भर सकते हैं चालान
पटना एयरपोर्ट से निकलने के दौरान 13 मई को धीरेंद्र शास्त्री और सांसद मनोज तिवारी ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी। जांच में इसकी पुष्टि होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने एक्शन लिया है। यह चालान कहीं से भी ऑनलाइन जमा किया जा सकता है। वैसे जिस वाहन का चालान कटा है उसपर पहले भी एक हजार का जुर्माना लग चुका है। बताया जा रहा है 11 मई को भी एक हजार का चालान उक्त वाहन का कट चुका है। यह चालान झांसी में कटा था। हालांकि, उसे जमा नहीं किया गया है। बताते चलें कि पटना के तरेत पाली में धीरेंद्र शास्त्री की 13 से 17 मई तक हनुमंत कथा हुई थी। इस दौरान लाखों की संख्या में भक्त पहुंचे थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT