logo

समस्तीपुर में कांवरियों से भरा वाहन पलटा, एक की मौत व दर्जनों घायल

kawar.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 

बिहार के समस्तीपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर है। यहां सावन की अंतिम सोमवारी को  बड़ी दुर्घटना हो गयी है। बताया जाता है कि दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के NH-28 स्थित ढेपुरा गांव के निकट कांवरियों को लेकर जा रहा पिकअप वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस दुर्घटना में एक कांवर की जान चली गयी है। मरने वाले की पहचान लोहागीर के वार्ड नंबर 10 निवासी अमरजीत कुमार के रूप में की गयी है। इसके साथ ही वाहन में सवार 50 से अधिक कांवरिये जख्मी हो गये हैं। इनमें से दर्जनभर लोगों की हालत गंभीर कही जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। सभी कांवरिये उजियारपुर थाना क्षेत्र स्थित लोहागीर गांव के निवासी हैं। जो आज कांवर लेकर जल चढ़ाने निकले थे।

NH-28 पर हुआ हादसा   
अतिरिक्त जानकारी के अनुसार, सभी कांवरियां झमटिया से जल भरकर समस्तीपुर थानेश्वर स्थान में बाबा भोलेनाथ पर जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। वाहन जैसे ही NH-28 स्थित ढेपुरा गांव के पास पहुंचा, इसका टायर फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर कुछ दूर आगे जाकर पलट गया। दुर्घटना में 50 से अधिक कांवरिये गंभीर रूप से जख्मी हो गये हैं। वहीं एक कांवर की मौत हो गयी है। आनन-फानन में सभी को अनुमंडल के अस्पताल में भर्ती कराया गया।  दर्जनभर से अधिक लोगों की गंभीर हालत नाजुक देखते हुए उन्हें समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचने लगे हैं। दूसरी ओर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी है और जांच-पड़ताल में लग गयी है। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N