द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधान परिषद के सदस्य सुनील सिंह की सदस्यता एक बार फिर बहाल हो गई है। यह सदस्यता बहाली उनके लिए एक बड़ी जीत साबित हुई है, क्योंकि कुछ समय पहले उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मिमिक्री की थी। इसके कारण उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी। इस फैसले के खिलाफ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। अब सुप्रीम कोर्ट ने उनका पक्ष सुनते हुए उनकी सदस्यता बहाल करने का आदेश दिया है।
RJD ने किया स्वागत
बता दें कि सुनील सिंह के विधान परिषद में वापसी के बाद उनके समर्थक खासकर RJD के नेता खुशी से झूम उठे हैं। इस खुशी के मौके पर राबड़ी देवी ने उन्हें गुलदस्ता भेंट करके स्वागत किया। जानकारी हो कि राबड़ी देवी सुनील सिंह को अपना मुंहबोला भाई मानती हैं और रक्षाबंधन पर उन्हें राखी भी बांधती हैं। ऐसे में उनकी इस वापसी से राबड़ी देवी बेहद खुश नजर आ रही थीं। उन्होंने कहा, "सुनील को बहुत-बहुत बधाई देती हूं। सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिला है और उनका फैसला सही साबित हुआ है। अब विधान परिषद में उनकी वापसी से और अधिक ताकत मिलेगी।" यह फैसला RJD के लिए एक बड़ी राहत का सबब बना है।
