द फॉलोअप डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने अप्रैल में एक बार फिर बिहार दौरे पर आ रहे हैं। उनके स्वागत की तैयारी जोरों-शोरों से चल रही है, और प्रशासनिक अमला भी अलर्ट हो गया है। इस बार पीएम मोदी पटना हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, वे राज्य के युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार की घोषणा भी कर सकते हैं।.jpeg)
भाजपा प्रदेश कार्यालय में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि पीएम मोदी अगले महीने पटना आएंगे और हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, वे बिहटा एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करेंगे और कई अन्य परियोजनाओं की सौगात देंगे। विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह दौरा और भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि बिहार हमेशा से एनडीए के लिए महत्वपूर्ण रहा है। सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बिहार के समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस दौरान, 2027 तक बिहार के किसी भी कोने से पटना आने में चार घंटे से कम समय लगेगा। राज्य में 50 लाख सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 12 लाख सरकारी नौकरी और 38 लाख रोजगार प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा, राज्य में 300 से अधिक डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे और वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे।
महिलाओं के लिए खास तौर पर पिंक बसों का संचालन भी किया जाएगा, जिसमें केवल महिलाएं ही यात्रा करेंगी और ड्राइवर से लेकर सभी स्टाफ भी महिलाएं होंगी। इसके साथ ही पटना में जिम ऑन व्हील की शुरुआत की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा राज्य के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।