द फॉलोअप डेस्कः
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का इनदिनों भाजपा के साथ नजदीकियों की अटकलें मीडिया में चल रही है। हालांकि नीतीश कुमार ने इसे सिरे से खारिज किया है। इसी बीच जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कह दिया है कि नीतीश कुमार अब बीजेपी पर थूकना भी पसंद नहीं करेंगे। बीजेपी का काम केवल भ्रम फैलाना है। वह गोदी मीडिया के साथ मिलकर भ्रम फैलाती है। ये बातें पटना में गुरुवार को ललन सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

कब से शुरू हुई अटकलें
दरअसल, जी20 समिट के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भोज का आयोजन किया था। इस भोज में सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बुलाया गया था। I.N.D.I.A गठबंधन में शामिल कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने तो भोज से किनारा कर लिया था लेकिन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस भोज में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच गए थे। भोज की तस्वीरे तब सामने आईं जब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम नीतीश के साथ वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी। उस तस्वीर में पीएम मोदी सीएम नीतीश कुमार की मुलाकात अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन से कराते नजर आए थे। इस तस्वीर के सामने आने के बाद से ही कयासों का बाजार गर्म हो गया था।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N