मुजफ्फरपुर:
बिहार के मुजफ्फरपुर में सहारा इंडिया (Sahara India) के मैनेजर को बंधक बनाया और फिर किन्नरों ने उनको साड़ी पहना कर नचाया है। किन्नरों का आरोप है कि उन लोगों ने 10 साल पहले पैसा जमा किया था जिसका भुगतान साल 2021 में किया जाना था लेकिन अभी तक उन्हें पैसा नहीं मिला है। कंपनी केवल उन्हें दौड़ाने का काम कर रही है। इससे नाराज किन्नरों ने मेन रोड को जाम कर जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस (Bihar Police) ने काफी मशक्कत के बाद हंगामे पर काबू पाया।

घंटों सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
मामला ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित जुरन छपरा मेन रोड का है। मिली जानकारी के अनुसार किन्नरों की एक टोली शुक्रवार सुबह सहारा इंडिया कार्यलय के बाहर पहुंची। पैसे नहीं मिलने पर मैनेजर को बंधक बना लिया। जुरन छपरा मेन रोड को जाम कर घंटों तक प्रदर्शन किया। इस दौरान किन्नरों ने साड़ी पहनाकर शाखा प्रबंधक को नचाया। सड़क जाम होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और किन्नरों को हटाने की कोशिश करने लगी। पुलिसकर्मियों के देख किन्नर की टोली और उग्र हो गई और नग्न होकर हंगामा करने लगे। जिसे देख पुलिस की टीम हट गई। हालांकि, कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों ने किन्नरों को समझा-बुझाकर हंगामा को शांत करवाया और जाम को खुलवाया। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
10 साल पहले जमा कराया था पैसा
प्रदर्शनकारी किन्नरों ने बताया कि 10 साल पहले उन लोगों ने सहारा कंपनी में पैसे जमा करवाया था। साल 2021 में भुगतान किया जाना था लेकिन, कंपनी की तरफ से उनको बेवजह दौड़ाया जा रहा है। पूछने पर बताया जाता है कि कोर्ट का केस चल रहा है। किन्नरों ने कहा कि जब केस लंबित था तो उनसे पैसे क्यों जमा करवाए गए थे। हंगामा कर रहे किन्नरों ने बताया कि अगर वे हर-हाल में पैसे वापस लेकर रहेंगे।

साल 2022 के अंत तक करवा दिया जाएगा लाभुकों को राशि का भुगतान
वहीं इस मामले में जब सहारा इंडिया के शाखा प्रबंधन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि किन्नरों ने 10 साल पहले पैसा जमा किया था। साल 2021 तक उसका भुगतान करना था लेकिन कोर्ट में चल रहे केस के कारण लाभुकों को पैसे का भुगतान करने में दिक्कत आ रही है। साल 2022 के अंत तक कंपनी में पैसे जमा कराने वाले सभी लाभुकों को राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।