द फॉलोअप डेस्क
नीतीश कुमार के शासन में पूर्ण शराबबंदी वाले बिहार के आरा में होली के मौके पर नशे का कारोबार करने की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। आरा में पुलिस ने एक ऐसे तस्कर को पकड़ा जो पुलिस की वर्दी पहनकर शराब तस्करी का कारोबार कर रहा था। इस धंधेबाज को पुलिस ने उत्पाद विभाग की टीम के साथ मिलकर बक्सर-पटना फोरलेन पर कायमनगर के समीप वाहन जांच के दौरान गिरफ्तार किया।
इस मामले में आरा उत्पाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। इस छापेमारी का नेतृत्व सहायक उत्पाद आयुक्त रजनीश ने किया था। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक फर्जी दारोगा शराब की बड़ी खेप लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी की और एक लग्जरी कार से पांच लाख रुपये की विदेशी शराब जब्त की। यह शराब यूपी के बलिया से पटना ले जाई जा रही थी।.jpeg)
निरीक्षण के लिए नहीं रोक रहे थे गाड़ी
जब छापेमारी टीम ने सफारी कार को रोकने की कोशिश की, तो फर्जी दारोगा ने गाड़ी रोकने से इनकार कर दिया और तेज रफ्तार में भागने लगा। इस दौरान गाड़ी का संतुलन बिगड़ने के कारण कार डिवाइडर से टकरा गई और क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद टीम ने उसे पकड़ लिया और उसे आरा उत्पाद थाने लाकर गिरफ्तार किया। इस छापेमारी में टीम को भारी मात्रा में विदेशी शराब मिली, जिसके बाद मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपी को जेल भेज दिया गया।
होली के मद्देनजर चल रहा विशेष अभियान
डीएम तनय सुल्तानिया के आदेश पर होली पर्व को देखते हुए मद्य निषेध विभाग ने जिले में विशेष छापेमारी अभियान शुरू किया है। सहायक उत्पाद आयुक्त रजनीश के नेतृत्व में अब तक कई बड़ी शराब की खेपें जब्त की जा चुकी हैं। इससे पहले 45 लाख रुपये की शराब की बड़ी खेप जब्त की गई थी, जो पंजाब से मुजफ्फरपुर जा रही थी। इसके अलावा पांच लाख रुपये की विदेशी शराब भी जब्त की गई थी। लगातार हो रही कार्रवाई से शराब तस्करों में खलबली मच गई है।