logo

लाखों का पैकेज वाली नौकरी छोड़ शुरू की फूलों की खेती, अब कमा रहे सालाना 15 लाख

flower.jpg

औरंगाबाद 
कभी एक ऊंचे पैकेज वाली नौकरी करने वाले औरंगाबाद के अभिषेक कुमार ने जब महाराष्ट्र में किसानों को फूलों की खेती से मोटी कमाई करते देखा, तो उनकी सोच बदल गई। उन्होंने अपनी कॉर्पोरेट जॉब को अलविदा कहा और खेती की दुनिया में कदम रख दिया। आज वह जरबेरा, रजनीगंधा, गुलाब और गेंदा के फूलों की खेती कर रहे हैं और उनकी सालाना कमाई 15 लाख रुपये तक पहुंच गई है। अभिषेक कुमार ने 2007 में एचडीएफसी बैंक में सेल्स मैनेजर के रूप में 8 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर नौकरी शुरू की। कुछ ही सालों में उन्होंने टूरिज्म कंपनी 'बनियान ट्री' में 11 लाख रुपये के पैकेज पर प्रोजेक्ट मैनेजर का पद संभाल लिया। हालांकि, महाराष्ट्र में फूलों की खेती करने वाले किसानों की सफलता ने उन्हें एक नया रास्ता चुनने के लिए प्रेरित किया।


3 बीघा में की फूलों की खेती की शुरुआत
2017 में उन्होंने कोलकाता से जरबेरा, रजनीगंधा, गुलाब और गेंदा के बीज मंगवाए और 3 बीघा जमीन पर इसकी खेती शुरू की। शुरुआती दिनों में उन्होंने यूट्यूब और जिला उद्यान विभाग के अधिकारियों से खेती के गुर सीखे। धीरे-धीरे उन्होंने अपनी फसल को बाजार तक पहुंचाना शुरू किया और देखते ही देखते उनकी मेहनत रंग लाई।
गेंदा की फसल देती है तगड़ा मुनाफा
गेंदा का फूल साल में तीन बार तैयार होता है, जिससे इसकी खेती बेहद लाभदायक बन जाती है। बीज से फूल तैयार होने में लगभग 60 दिन का समय लगता है। अभिषेक अपने फूलों की सप्लाई पटना, रोहतास और गया तक करते हैं। खासतौर पर शादी-ब्याह के सीजन में इनकी भारी मांग रहती है।
अब खेती से सालाना 15 लाख की कमाई
जहां कभी अभिषेक 11 लाख के पैकेज पर नौकरी कर रहे थे, वहीं अब वह फूलों की खेती से हर साल 15 लाख रुपये तक कमा रहे हैं। उनकी यह सफलता दिखाती है कि सही सोच और मेहनत से खेती भी शानदार कमाई का जरिया बन सकती है।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi