द फॉलोअप डेस्क:
आनंद विहार-कामाख्या नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस (12506) बुधवार देर रात हादसे का शिकार हो गई। हादसे में 5 वर्षीय बच्ची सहित 6 लोगों की मौत हो गई वहीं 100 से ज्यादा लोग घायल हैं। घटना के संबंध में मिली आरंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रेन की 21 बोगियां डीरेल हो गई जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। ट्रेन दिल्ली से गुवाहाटी जा रही थी तभी बक्सर से आगे बढ़ते ही यह हादसा हो गया। ट्रेन की 21 बोगियां डीरेल हुईं जिनमें से 3 एसी-3 टीयर कोच शामिल है। हादसे के समय ट्रेन 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी।

पटरी में क्रैक होने की वजह से हुआ हादसा
हादसे के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल पर रवाना किया गया। बताया जाता है कि पटरी में क्रैक होने की वजह से यह हादसा हुआ। बताया जाता है कि बिहार में बक्सर और आरा के बीच रघुनाथपुर स्टेशन के पास रात 9:35 बजे यह हादसा हुआ। 100 से ज्यादा लोग घायल हैं जिनमें से गंभीर रूप से जख्मी 20 लोगों को रात को ही पटना रिम्स रेफर किया गया। बाकी घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती करवाया गया।
हादसे के वक्त 120 किमी थी ट्रेन की रफ्तार
प्रत्यक्षदर्शी एक गार्ड ने बताया कि ट्रेन की रफ्तार तकरीबन 120 किमी प्रति घंटा रही होगी। ट्रेन में जैसे ही ब्रेक लगा वह डीरेल हो गई। बताया जाता है कि इससे पहले एक पैसैंजर ट्रेन भी उक्त पटरी से होकर गुजरी थी। तब भी तेज आवाज आ रही थी। इधर, हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पटना और बक्सर से 30 से ज्यादा एंबुलेंस को घटनास्थल पर रवाना किया गया।
जून 2023 में बालासोर हादसे में गई थी 293 जानें
गौरतलब है कि जून 2023 में ओडिशा के बालासोर में भीषण ट्रेन हादसा हुआ था। तब कोरोमंडल एक्सप्रेस एक मालगाड़ी से टकराई जिसकी वजह से ट्रेन की बोगियां पटरियों पर बिखर गई और विपरित दिशा से आ रही हावड़ा-बेंगलुरु एक्सप्रेस से टकरा गई। उक्त हादसे में 293 लोगों की मौत हो गई थी। 900 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। जांच रिपोर्ट के मुताबिक हादसा गलत सिग्नल की वजह से हुआ था।