गोपालगंज/बिहार
बिहार के गोपालगंज में आज खनुआ नदी में 4 बच्चे डूब गए, जिसमें दो की मौत हो गई। वहीं 2 बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के भरपुरवा गांव का है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवरिया रेफर कर दिया गया है।

घाट पर मौजूद पुजारी ने मचाया शोर
जानकारी के मुताबिक, चारों बच्चे केरवनिया घाट पर नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने लगे, जिसे देखकर घाट पर मंदिर के पुजारी ने बच्चों को डूबता देख शोर मचाया और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से चारों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में विजयीपुर प्राथमिक स्वास्थय केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अभी भी गंभीर हैं।

मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान आयुष मिश्रा और ओम पांडेय के रुप में हुई है। वहीं घायलों में विशाल ठाकुर और चुलबुल पांडेय शामिल है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए देवरिया रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही विजयीपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया।