पटना:
भारतीय निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) ने कुढ़नी विधानसभी सीट (Kudhni Vidhansabha seat) पर होने वाले चुनाव के तारीख का ऐलान कर दिया है। इसके लिए 5 दिसंबर को मतदान होगा और 8 दिसंबर को मतगणना होगा। बता दें कि 10 नवंबर को चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होगी। जबकि 17 नवंबर तक नामांकन किया जा सकेगा। नामांकन पत्रों की जांच 18 नवंबर को होगी और 21 नवंबर तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा। वहीं उपचुनाव की तारीखों के ऐलान पर RJD विधायक अनिल सहनी (Anil Sahni) ने असहमति जताई है। उन्होंने कहा है कि 5 दिसंबर से पहले ही वो दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi Highcourt) में मेंशनिंग में जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा है कि विधानसभा अध्यक्ष को एक ज्ञापन दिया था। जिसमें अध्यक्ष से गुहार लगाई थी कि निचली अदालत के फैसले के निलंबन तक उन्हें विधायक का दर्जा दिया जाए।

कहां फंस रहा मामला समझिये
बात दें कि आरजेडी विधायक अनिल सहनी एलटीसी घोटाले में दोषी पाए गए थे। जिसके बाद सीबीआई के स्पेशल कोर्ट ने उन्हें 3 साल की सुनाई थी। सजा होने के बाद अमुमन विधायकी चली जाती है। लेकिन इस मामले में अभी एक पेंच है। अनिल सहनी ने शुक्रवार को मुजफ्फरपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि मैंने सीबीआई के स्पेशल कोर्ट सजा सुनाने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट में अपील की थी। हाईकोर्ट ने उनकी सजा को निलंबित कर दिया है। चुनाव आयोग के ऐलान के बाद उन्होंने शनिवार यानि आज कहा कि मैंने कोर्ट के आदेश की कॉपी बिहार विधानसभा अध्यक्ष को दे दी है। अब विधानसभा की तरफ से चुनाव आयोग को कोर्ट का आदेश भेजा जाएगा। सोमवार को हम भी कोर्ट के आदेश की कॉपी चुनाव आयोग के पटना कार्यालय को देंगे।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष से की थी मुलाकात
अनिल सहनी ने यह भी कहा कि उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद बिहार विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात की थी। उन्हें कोर्ट के फैसले से अवगत भी कराया था। विधानसभा अध्यक्ष को दिए ज्ञापन में अनिल सहनी ने गुहार लगाई थी कि निचली अदालत के फैसले के निलंबन तक उन्हें विधायक का दर्जा दिया जाए।

देश के अलग-अलग राज्यों में खाली हुई है सीट
बता दें कि भारतीय निर्वाचन आयोग ने देश के अलग-अलग राज्यों में खाली हुई लोकसभा और विधानसभा की सीटों के लिए चुनाव की तारीख का ऐलान किया है। जिसमें ओडिशा, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की एक-एक सीट पर उपचुनाव के लिए डेट का ऐलान किया है। उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद लोकसभा सीट खाली हुई थी। वहीं बिहार की बात करें तो आरजेडी विधायक अनिल सहनी को एक मामले में सजा होने के बाद उनकी विधायकी चली गई है। इसके बाद कुढ़नी सीट फिलहाल खाली मानी जा रही है।