logo

2 बदमाशों ने सब्जी मार्केट में खड़े 3 लोगों पर बरसाईं गोलियां, फायरिंग की आवाज से दहला पटना

2 बदमाशों ने सब्जी मार्केट में खड़े 3 लोगों पर बरसाईं गोलियां, फायरिंग की आवाज से दहला पटना

 

द फॉलोअप डेस्क : 


पटना में देर रात 2 गुटों में विवाद के दौरान फायरिंग की खबर है। फायरिंग में 3 लोगों को गोली लगी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि शास्त्रीनगर थाने के पुनाइचक सब्जी मंडी में मंगलवार की रात करीब 10:13 बजे आपसी रंजिश में बाइक सवार 2 बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में 3 लोगों को गोली लगी है। घायलों में जीतेंद्र राय, अजय कुमार व गुंजन कुमार ठाकुर शामिल हैं। जीतेंद्र राय को सीने में दाहिने ओर गोली लगी है और उन्हें पाटलिपुत्र कॉलोनी के एक निजी अस्पताल में भर्ती  किया गया हैं। जबकि, अजय कुमार व गुंजन को आइजीआइएमएस में भर्ती कराया गया है। अजय को कमर में और गुंजन को बांह में गोली लगी है। ये दोनों खतरे से बाहर हैं जबकि, जीतेंद्र राय की हालत नाजुक बताया जा रहा है। 

 

सब्जी मार्केट में हुई फायरिंग
बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात सब्जी वाले अपने सामान को समेट रहे थे। इतने में ही बाइक पर सवार 2 बदमाश पहुंचे। अचानक से उन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और जीतेंद्र  को गोली लग गई। गोली लगने के बाद जीतेंद्र पास ही स्थित अपने घर की ओर दौड़े और दरवाजे पर गिर गये। फायरिंग की आवाज सुनकर वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पुलिस ने अपनी आरंभिक जांच में पाया है कि बदमाश, अजय की हत्या के इरादे से वहां पहुंचे थे। घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय डीएसपी सुशील कुमार पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। आसपास के लोगों ने बताया कि अचानक से ही कुछ लोग आकर गोली चलाने लगे। क्यों फायरिंग की? उन्हें जानकारी नहीं है।

 

 
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी


एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि फिलहाल जांच में सब्जी बेचने या फिर प्रेम प्रसंग में विवाद सामने आया है। इन दोनों ही बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जमीन विवाद का कोई मामला नहीं है। जल्द ही फायरिंग करने वालों की पहचान कर ली जायेगी।