बिहार
बिहार की राजधानी पटना में पुलिस को सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान 1.25 करोड़ की नशीली दवाएं और 35 एंटी स्नेक वेनम हाथ लगी है। घटना चित्रगुप्तनगर और मुसल्लहपुर थाना क्षेत्र की है। दरअसल इस मामले में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छापेमारी शुरु की। इस कार्रवाई में बड़े सप्लायर समेत गिरोह के मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

67 हजार से अधिक नशीले इंजेक्शन
दरअसल मामले में पूर्व सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि सबसे पहले आरओबी के पास से आरोपी अर्णव कुमार को हिरासत में लिया गया। उससे पूछताछ के दौरान बाकि के बारे में उसने जानकारी दी, जिसके बाद चित्रगुप्तनगर और मुसल्लहपुर हाट के पास स्थित गोदामों में छापेमारी की गई। बताया जा रहा है कि इन जगहों से पुलिस को कुल 67,050 नशीले इंजेक्शन और 5,760 बोतल प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरफ हाथ लगी है। पुलिस का कहना है कि इन दवाओं का अवैध रुप से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई होनी थी। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इन दवाओं में 35 पीस एंटी स्नेक वेनम (सांप काटने पर दी जाने वाली दवा) भी बरामद हुई है।

सरकारी अस्पतालों में करना था उपयोग
दरअसल पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस पूरे काले कारोबार का जाल कंकड़बाग का मंटू कुमार फैला रहा था, जो पिछले सप्ताह ही पुलिस के हत्थे चढ़ा था। गिरफ्तार अभियुक्त छोटू कुमार ने बताया कि मंटू कुमार ही अलग-अलग इलाकों में नशीली दवाओं का अवैध भंडारण करता था। पुलिस ने बताया कि इन सभी दवाओं का इस्तेमाल सरकारी अस्पतालों में करना था, लेकिन तस्करों द्वारा अवैध तरीके से स्टॉक कर कई जगहों पर सप्लाई करने की योजना थी। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।