पटना:
बिहार (Bihar) के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद तेजस्वी यादव (Deputy CM Tejashwi Yadav) राबड़ी आवास पहुंचे। जहां पहले से उनके कार्यकर्ता और समर्थक उन्हें बधाई देने के लिए मौजूद थे। तेजस्वी यादव के कार्यकर्ता ने उनका स्वागत में आतिशबाजी भी गई। समर्थकों में खुशी की लहर साफ दिख रही थी। इस दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार के युवाओं को दस लाख सरकारी नौकरियों को लेकर बड़ा बयान दिया है।

हमारी लड़ाई बेरोजगारी के खिलाफ- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि कहा कि मेरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से दस लाख सरकारी नौकरियों को लेकर बातचीत हुई है। अगले एक महीने में इसकी तस्वीर दिखनी शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हमलोग मिलकर इतना रोजगार देंगे, जितना पहले कभी नहीं मिला। हमारी लड़ाई बेरोजगारी के खिलाफ है। हमारे मुख्यमंत्री गरीबों और युवाओं के दर्द को समझते हैं। उपमुख्यमंत्री ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार ने वो किया है जिसे देश को करने की जरूरत है। हमने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है। बिहार के लोग बिकाऊ नहीं होते। बिहार के लोग जो चाहते हैं वो करते हैं, बीजेपी के लोग हमेशा षड्यंत्र करते रहे हैं।

आरजेडी के कार्यकर्ता टांगे पर लड्डू लेकर पहुंचे
बता दें कि डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के के स्वागत में आरजेडी (RJD) कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की जिससे यहां होली और दीपावली जैसा माहौल बन गया। तेजस्वी के उपमुख्यमंत्री बनने की खुशी में आरजेडी के कार्यकर्ता टांगे (घोड़ा गाड़ी) पर लड्डू लेकर आए थे जिसे उन्होंने सबको बांट कर मुंह मीठा कराया।