डेस्क :
बिहार समेत देश के कई हिस्सों में अग्निपथ योजना के विरोध में उग्र प्रदर्शन हो रहे हैं। लेकिन, बिहार में इसका असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। आज शुक्रवार को जारी विरोध प्रदर्शन के दौरान उप-मुख्यमंत्री रेणु देवी के घर पर हमला हुआ है। बेतिया में उनके उनके आवास पर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हमला कर दिया। रेणु देवी के बेटे ने मीडिया को बताया कि रेणु देवी फिलहाल पटना में हैं लेकिन बेतिया में उनके घर को काफी नुक़सान पहुँचाया गया है। इसके साथ पश्चिमी चंपारण ज़िले के ही बगहा क्षेत्र और सासाराम के बीजेपी कार्यालय में भी तोड़फोड़ की गई है। अग्निपथ योजना को लेकर विरोध तो कई राज्यों में हो रहे हैं लेकिन सबसे उग्र विरोध बिहार में देखने को मिला है।

राजनाथ सिंह ने किया ट्वीट, योजना का बताया सुनहरा अवसर
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को अग्निपथ योजना की घोषणा की थी। जिसके बाद से ही देश के अलग-अलग हिस्सों में योजना के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं। आज शुक्रवार को उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट किये हैं। राजनाथ सिंह ने लिखा है, “केंद्र सरकार द्वारा घोषित की गई ‘अग्निपथ योजना’ भारत के युवाओं को देश की रक्षा व्यवस्था से जुड़ने और देश सेवा करने का सुनहरा अवसर है। पिछले दो वर्षों से सेना में भर्ती की प्रक्रिया नहीं होने के कारण बहुत से युवाओं को सेना में भर्ती होने का अवसर नहीं मिल सका था.”

भर्ती होने की आयु सीमा बढ़ाई गई, 2 साल से रुकी भर्ती बताई गई वजह
राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर लिखा कि युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखकर प्रधानमंत्री के निर्देश पर सरकार ने अग्निवीरों की भर्ती की आयु सीमा को इस बार 21 वर्ष से बढ़ा कर 23 वर्ष कर दिया है। यह एकबार के लिए ही दी गई छूट है। इससे बहुत सारे युवाओं को अग्निवीर बनने की पात्रता प्राप्त हो जाएगी। इसके साथ उन्होंने युवाओ को अग्निपथ की तैयारी करने को कहा।