द फॉलोअप,बिहार
बिहार में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड की 67वीं बैठक में डालमिया समूह की दो बड़ी सीमेंट परियोजनाओं को स्टेज-1 क्लीयरेंस प्रदान किया गया। मुजफ्फरपुर के महवल औद्योगिक क्षेत्र में ₹573.15 करोड़ की लागत से 2.5 MTPA क्षमता वाली डालमिया भारत ग्रीन विजन लिमिटेड की इकाई स्थापित होगी, जबकि किशनगंज में ₹573.76 करोड़ के निवेश से डालमिया सीमेंट (नॉर्थ ईस्ट) लिमिटेड की 2.5 MTPA क्षमता की फैक्ट्री लगेगी।

बिहार बन रहा निवेशकों की पहली पसंद
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को बेहतर सुविधाएं, त्वरित स्वीकृति और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार तेजी से देश के प्रमुख औद्योगिक गंतव्यों में अपनी पहचान बना रहा है। वहीं उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आइडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा कि बड़े औद्योगिक समूह अब बिहार को विस्तार के लिए मजबूत गंतव्य के रूप में देख रहे हैं और डालमिया समूह की परियोजनाओं को मिली स्वीकृति इसी विश्वास का प्रतीक है।

16 परियोजनाओं को मिली मंजूरी
बैठक में डालमिया समूह के अलावा अंबुजा, केएनएसजी एल्मुनियम प्राइवेट लिमिटेड, एस राजदेव बिल्ड्ज एलएलपी, आइकॉन स्पाइरल इलेक्ट्रोनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, सीता एग्रो फूड प्रोडक्ट और एसएपीएल इंडस्ट्रीज़ प्राइवेट लिमिटेड समेत कई निवेश प्रस्तावों पर भी मुहर लगी। SIPB की बैठक में कुल ₹2484.06 करोड़ की 16 परियोजनाओं को स्टेज-1 क्लीयरेंस दिया गया, जबकि ₹46.86 करोड़ की 4 परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से बिहार में रोजगार सृजन, औद्योगिक उत्पादन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।