logo

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा पहुंचे पटना, केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर खड़े किये सवाल

pawan.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस नेता व पार्टी के मीडिया एंड पब्लिसिटी डिपार्टमेंट के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने आज केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर जम कर हमला किया है। दरअसल वे आज पटना पहुंचे हैं और बिहार में चल रहे वोटर लिस्ट पुनरीक्षण अभियान को लेकर उन्होंने सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा है कि "चुनाव आयोग हमारे सवालों का जवाब नहीं दे रहा। बिहार में जो प्रक्रिया अपनाई जा रही है, वो एक सुनियोजित षड्यंत्र है, जिससे लाखों लोगों को मताधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है।"
पवन खेड़ा ने आगे कहा कि चुनाव आयोग पूर्ण रूप से सत्ता से इशारे पर काम कर रहा है। और अब इसमें निष्पक्षता जैसी कोई चीज नहीं बची है। जब उनसे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई जिसमें बिहार को छोटा मोटा राज्य बताया गया था, तो खेड़ा ने इसे पूरी तरह गलत करार देते हुए कहा कि "ये बयान पूरी तरह से भाजपा द्वारा फैलाया गया एक राजनीतिक षड्यंत्र है। कांग्रेस बिहार को कभी छोटा नहीं मानती।"
भाजपा द्वारा इमरजेंसी पर आयोजित कार्यक्रम और कांग्रेस पर लगे आरोपों पर पवन खेड़ा ने कहा कि "जिस इमरजेंसी की बात भाजपा कर रही है, वही जनता ने बाद में खारिज कर दी। 353 सीटें देकर देश की जनता ने इंदिरा गांधी को फिर से प्रधानमंत्री बनाया। माफी भी मांगी गई थी। यह मामला वहीं समाप्त हो गया।" साथ ही प्रशांत किशोर के द्वारा दिए गए बयान "बिहार को जितना लालू ने बर्बाद किया, उतना ही कांग्रेस ने किया", पर खेड़ा ने कहा "बिहार के लोग सब जानते हैं। प्रशांत किशोर खुद कहां से आते हैं, ये भी बिहार के लोग जानते हैं। अब वह जहाँ भी जाएंगे, बिहार के लोग उन्हें पहचानेंगे और जवाब देंगे।"
उसके बाद जब तेजस्वी यादव को विपक्ष के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में देखने को लेकर सवाल किया  गया, तो खेड़ा ने कहा, "अभी उस पर प्रतिक्रिया देने का वक्त नहीं है। जब समय आएगा, कांग्रेस और महागठबंधन इस पर फैसला लेंगे।" पवन खेड़ा ने जानकारी दी है कि पटना में कांग्रेस पार्टी के कुछ संगठन के कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वह एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस रखेंगे, जिसमें वे चुनाव आयोग, केंद्र सरकार, महंगाई, बेरोजगारी और संवैधानिक संस्थाओं की स्थितियों पर खुलकर बात करेंगे।

Tags - bihar enws bihar latest news bihar trending news bihar update bihar breaking news pawan kheda congress election commission bihar politics bihar election