द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में आज सीएम का पड़ाव कटिहार जिला रहा। आज यानी बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हेलीकॉप्टर से कटिहार पहुंचे। यहां उन्होंने जिले को विकसित करने वाली विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। बताया जा रहा है कि इस दौरान सीएम नीतीश ने कटिहार के लोगों को कई सौगात दी।
सीएम नीतीश ने अपनी इस यात्रा के दौरान गोगाबील झील का हवाई सर्वेक्षण किया। विभिन्न विभागों की योजनाओं के स्टॉल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही नव निर्मित पुस्तकालय और खेल मैदान का उद्घाटन किया। इसके अलावा नीतीश कुमार ने प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए स्टेडियम का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री अपने कटिहार दौरे के समय अल्पसंख्यक छात्रावास भी पहुंचे। फिर, वहां से कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज में सीएम ने जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक की। इस दौरान सीएम नीतीश ने कहा कि कटिहार जिले में हमने सभी काम करा दिया है। लेकिन कुछ नये काम हैं, जिन्हें जिले में कराया जाएगा। इनमें प्रमुख घोषणाएं हैं-
1. गोगाबील झील का संरक्षण किया जायेगा और इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा।
2. कटिहार में राजेन्द्र स्टेडियम को स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के रूप में विकसित किया जायेगा।
3. आजमनगर प्रखंड में स्थित पौराणिक एवं प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर का विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जायेगा। इससे श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी।
4. राजेन्द्र प्रसाद पथ से मिरचाईबाड़ी रोड तक आर०ओ०बी० एवं एलिवेटेड सड़क का निर्माण कराया जायेगा। इससे लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।
5. कटिहार नगर निगम के अंतर्गत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराया जायेगा।
6. कटिहार में जलापूर्ति योजना का क्रियान्वयन किया जायेगा। इससे लोगों को पेयजल आपूर्ति की जा सकेगी।
7. कटिहार जिले के 6 प्रखंडों- कटिहार, आजमनगर, कोढ़ा, फलका, बरारी और प्राणपुर में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन तथा डडखोरा प्रखंड में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय-सह-आवासीय परिसर का निर्माण कराया जायेगा।
