logo

पुणे से सहरसा पहुंची CBI टीम, फिल्मी अंदाज में की कार्रवाई 

cbi12.jpg

द फॉलोअप डेस्क

सहरसा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुणे सीबीआई एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम शहर में सक्रिय रही। इस दौरान सदर थाना पुलिस के सहयोग से शहर के गायत्री मंदिर रोड स्थित एक घर से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। सीबीआई की यह तीन सदस्यीय टीम थी, जिसमें पदाधिकारी अजय मुद्गल सहित अन्य लोग शामिल थे।
सीबीआई टीम सहरसा किसी आर.के सिंह नामक व्यक्ति की तलाश में आई थी। जब टीम को इस व्यक्ति के बारे में पूरी जानकारी मिली, तो उन्होंने सदर थाना पुलिस से सहयोग लिया। इस दौरान एक अधिकारी पैदल ही बंगाली बाजार रेलवे ढाला होते हुए प्रशांत सिनेमा, मीरा टाकिज रोड होते हुए गायत्री मंदिर के पास स्थित युवक के घर पहुंचे, जबकि अन्य सदस्य गाड़ी में बैठकर दूर से इंतजार करते रहे।
सदर थाना पुलिस के सहयोग से युवक को हिरासत में लिया गया और उसे थाने लाया गया। बाद में सीबीआई अधिकारी एक दूसरी गाड़ी से सदर थाना पहुंचे। युवक को थाने लाने के बाद टीम के सदस्यों ने घंटों तक उससे पूछताछ की। करीब चार घंटे तक सीबीआई टीम ने आर.के सिंह से विभिन्न कागजात दिखाकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद सीबीआई टीम युवक को कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय ले गई।
सीबीआई टीम पुणे सीबीआई स्पेशल कोर्ट के आदेश पर सहरसा पहुंची थी। इसके अलावा, सीबीआई टीम किसी अन्य कार्रवाई के सिलसिले में भी सहरसा में थी, हालांकि इस बारे में अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। सीबीआई टीम चुपचाप गुप्त तरीके से अपना काम कर रही थी, लेकिन सूत्रों के अनुसार, टीम किसी वांछित आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए आई थी। आरोपी 2019 से वांछित था, जिसके बाद पुणे सीबीआई स्पेशल कोर्ट ने कार्रवाई का निर्देश दिया था।
पटना से आई विशेष तीन सदस्यीय टीम ने इस छापेमारी को अंजाम दिया। ज्ञात हो कि सहरसा में इससे पहले भी कई बार सीबीआई टीम द्वारा विभिन्न मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। इस समय सीबीआई की कार्रवाई को लेकर इलाके का माहौल गहमागहमी भरा हुआ था।
 

Tags - BIHARBIHARNEWSBIHARPOSTCBIPUNELATESTNEWS